उत्तर प्रदेश चुनाव: यूक्रेन संकट पर बोले अखिलेश- दुनिया के बाकी देश अपने नागरिकों को लेकर चले गए, क्या भारत सरकार सो रही थी?


01:54 PM, 02-Mar-2022

परिवारवादी लोग भारत को कभी ताकतवर नहीं बना सकते: मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग आत्मनिर्भर भारत अभियान का मजाक उड़ाते हों, भारत की सेनाओं के अपमान करते हों, भारत के उद्यमियों की मेहनत से चल रहे मेक इन इंडिया अभियान का मखौल उड़ाते हों। वो घोर परिवारवादी लोग भारत को कभी ताकतवर नहीं बना सकते।

01:44 PM, 02-Mar-2022

यूक्रेन संकट पर बोले अखिलेश

जौनपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों के मामले में केंद्र सरकार पर हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि दुनिया के बाकी देश अपने नागरिकों को लेकर चले गए, क्या भारत सरकार सो रही थी? हजारों की संख्या में आज भी बच्चे यूक्रेन में फंसे हैं जिसके लिए सरकार कुछ नहीं कर रही है।

01:42 PM, 02-Mar-2022

भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेगी: मोदी

सोनभद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ये भारत का बढ़ता सामर्थ्य है कि हम यूक्रेन में फंसे हमारे देश के नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए इतना बड़ा अभियान चला रहे हैं। ऑपरेशन गंगा के तहत कई हजार नागरिकों को वहां से देश वापस लाया जा चुका है। संकट में फंसे भारतीयों को ज्यादा तेजी से निकालने के लिए हमारी सेना और वायुसेना को भी लगा दिया गया है। मैं आज देश के लोगों को भी ये विश्वास दिलाता हूं कि भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

01:32 PM, 02-Mar-2022

सोनभद्र में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोनभद्र पहुंच गए हैं। मोदी थोड़ी देर में यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। 

01:13 PM, 02-Mar-2022

लक्ष्मी जी केवल कमल के फूल पर बैठकर घर आती हैं: राजनाथ

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मिर्जापुर में चुनावी रैली कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि लक्ष्मी जी घर में आती हैं तो हाथी पर बैठकर, साइकिल चलाकर और हाथ हिलाते हुए कभी नहीं आती हैं, लक्ष्मी जी घर आती हैं तो केवल कमल के फूल पर बैठकर ही आती हैं।

 

01:10 PM, 02-Mar-2022

सरकार आने पर 11 लाख खाली पद भरे जाएंगे: अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि पिछले तीन साल में बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गई। आज सरकार के 11 लाख पद खाली हैं। 11 लाख पद भर दिए होते तो हमारे बहुत से नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिल जाता। सपा की सरकार आने पर इन पदों पर भर्ती होगी। 

 

01:08 PM, 02-Mar-2022

 ये दोबारा आ गए तो पेट्रोल दो सौ रुपए लीटर बिकेगा: अखिलेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव जौनपुर जिले के बदलापुर में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि जब ये पिछली बार वोट मांगने आए थे तब सिलेंडर फ्री दिए थे। अब जब वोट मांगने आ रहे हैं तब सिलेंडर की कीमत चार सौ से बढ़कर एक हजार हो गई। ये दोबारा आ गए तो पेट्रोल दो सौ रुपए लीटर बिकेगा। जब किसानों को खाद चाहिए थी तो खाद की बोरी से पांच किलो की चोरी हो गई। अब अगर दोबारा आ गए तो दस किलो की चोरी हो जाएगी। 

12:16 PM, 02-Mar-2022

हर परिवार के सदस्य को रोजगार दिलाएंगे: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ में कहा कि पिछले पांच साल में पांच लाख नौजवानों को नौकरी दी है और दो करोड़ नौजवानों को स्वत: रोजगार से जोड़ा है। अगले पांच साल के लिए सरकार ने तय किया है कि उत्तर प्रदेश में हर एक परिवार के सदस्य या स्वत: रोजगार उपलब्ध कराएंगे।

12:13 PM, 02-Mar-2022

होली और दीवाली में एक-एक गैंस सिलेंडर मुफ्त मिलेगा: योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने कहा कि 10 मार्च के बाद उज्जवला योजना के सभी लाभार्थियों को होली और दीवाली में एक-एक गैंस सिलेंडर मुफ्त मिलेगा। बेटी के जन्म पर हम 25 हजार रुपए देंगे। 60 साल से ऊपर जितनी भी महिलाएं और बहनें हैं उन्हें मुफ्त में उत्तर प्रदेश परिवहन बसों में सफर कराएंगे।

11:37 AM, 02-Mar-2022

मधुबन में प्रियंका की रैली

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज मऊ जिले के मधुबन विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली करेंगी। 

10:07 AM, 02-Mar-2022

ममता आज से वाराणसी दौरे पर

आज से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी वाराणसी दौरे पर हैं। गुरुवार को ममता बनर्जी सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ रैली को संबोधित करेंगी। रैली के चलते वह बुधवार दोपहर बाद काशी पहुंचकर सबसे पहले पर मां गंगा का आशीष पाने के लिए गंगा आरती में शामिल होंगी। कल ऐढ़े में सुबह 11 बजे से संयुक्त रैली को संबोधित करेंगी। साथ ही रोड शो में भी शामिल होंगी। पढ़ें पूरी खबर..

 

10:03 AM, 02-Mar-2022

मोदी आज सोनभद्र और गाजीपुर में जनसभा करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोनभद्र और गाजीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इन जिलों में सातवें चरण में मतदान होना है। सीएम योगी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई दिग्गज नेता अलग-अलग जिलों में रैली और रोड शो करेंगे।  

09:58 AM, 02-Mar-2022

उत्तर प्रदेश चुनाव: यूक्रेन संकट पर बोले अखिलेश- दुनिया के बाकी देश अपने नागरिकों को लेकर चले गए, क्या भारत सरकार सो रही थी?

यूपी का रण आहिस्ता-आहिस्ता छठवें फाटक पर पहुंच गया। छठवें-सातवें दौर को जोड़ लें तो कुल 111 सीटें ही बची हैं, जिनपर मतदान होना है। यानी जंग निर्णायक दौर में पहुंच गई है। वह दौर जहां करो-मरो की स्थिति है। जिसने जितने ज्यादा गढ़ों पर कब्जा कर लिया, सत्ता उसी के हाथ होगी। पर, यह सब कुछ इतना आसान नहीं। ऊपरी तौर पर देखें तो यहां जातियों की गोलबंदी है। जातियों की रहनुमाई का दम भरने वाले दल और उनके नेता भी हैं। ये दल भी भगवा और समाजवादी खेमों में बंटे हैं। जातीय आधार पर बने इन दलों को यकीन है कि उनके साथ पूरी बिरादरी है। पर, ऐसा भी नहीं है। करीब से देखें तो बहुत से सवाल हैं। बहुत से उलझाव हैं। सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि उनका नेता जिस खेमे में है, वहां उसकी सियासी हैसियत क्या होगी? उस खेमे में कौन-कौन सी जातियां हैं? क्या उन जातियों के दबाव में उनका हक तो नहीं छिन जाएगा? ये सवाल भी लोगों के जेहन में कहीं गहरे हैं। ऐसे में निसंदेह समीकरणों के बेहद उलझाव वाले दौर में चुनाव पहुंच चुका है। पढ़ें महेंद्र तिवारी व सुधीर कुमार सिंह की रिपोर्ट…



Source link

Enable Notifications OK No thanks