हिमाचल में सफेद आफत: बर्फबारी से 259 सड़कें और 477 बिजली ट्रांसफार्मर ठप, लाहौल में दो जगह हिमस्खलन, दुश्वारियां बढ़ीं


हिमाचल में बर्फबारी
– फोटो : अमर उजाला

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बीच ऊंचाई वाले भागों में रात से बर्फबारी व निचले भागों में बारिश हो रही है। प्रदेश के लाहौल-स्पीति, कुल्लू ,किन्नौर, शिमला, सोलन, मंडी, सिरमौर, चंबा व कांगड़ा जिले के ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी का दौर जारी है। शिमला, कुफरी, नारकंडा, चायल ने भी बर्फ के सफेद चादर ओढ़ ली है। जलोड़ी दर्रा से लेकर रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कुंजुम दर्रा, सोलंगनाला, अटल टनल के साउथ व नोर्थ पोर्टल, मनाली सहित पूरी लाहौल घाटी में एक से तीन फीट तक बर्फबारी हुई है। 

दारचा में रात को दो जगह हिमस्खलन हुआ है। जबकि लाहौल और पांगी-किलाड़ का कुल्लू-मनाली से संपर्क कट गया है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की ओर से गुरुवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में तीन एनएच व एक स्टेट हाईवे समेत 259 सड़कें यातायात के लिए ठप हैं। शाम तक बंद सड़कों की संख्या और बढ़ेगी। इसके साथ ही 477 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। वहीं, 37 पेयजल योजनाएं भी बाधित हैं।

बर्फबारी के बीच वाहन हो रहे स्किड।
– फोटो : अमर उजाला

सबसे ज्यादा सड़कें लाहौल-स्पीति, शिमला और कुल्लू जिले में बंद हैं। प्रदेश में बारिश-बर्फबारी से शीतलहर बढ़ गई है। बर्फबारी वाले इलाकों में लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं।  शिमला, कुफरी, देहा, नारकंडा और खड़ापत्थर में भारी बर्फबारी से ऊपरी शिमला के लिए यातायात ठप है।

बर्फबारी से यातायात ठप।
– फोटो : अमर उजाला

 शिमला में भी वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। लक्कड़ बाजार मार्ग सुबह ही बंद हो गया था। बर्फबारी से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बसों की आवाजाही ठप होने से लोग पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचे। पुराना बस अड्डा पर लोग बसों का इंतजार करते रहे। शहर के सर्कुलर रोड पर बर्फबारी से जाम लग गया। 

चायल में बर्फबारी।
– फोटो : अमर उजाला

नारकंडा में एनएच-5 और जलोड़ी जोत में 305 हाईवे पर यातायात के लिए बंद है। उधर मंडी जिले के शिकारी देवी, कमरुनाग समेत आसपास की ऊंची पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी व बारिश से किसानों-बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं। बागवानी के लिए बर्फबारी संजीवनी मानी जा रही है। इससे सेब के लिए जरूरी चिलिंग आवर्स पूरे होने में मदद मिलेगी।

लाहौल में बर्फबारी।
– फोटो : संवाद

वहीं, कुल्लू व लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले भागों में भारी बर्फबारी हुई है। दारचा में रात के दो जगह हिमस्खलन हुआ है। लाहौल और पांगी-किलाड़ का कुल्लू-मनाली से संपर्क कट गया है। बर्फबारी-बारिश से कुल्लू-लाहौल में 200 सड़कों पर यातायात ठप हो गया है। 

image Source

Enable Notifications OK No thanks