ख़बर सुनें
विस्तार
तेलंगाना के महबूब नगर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक स्कूल बस बाढ़ के पानी में लगभग आधी डूब गई। जिस समय बस पानी में फंसी, उसमें करीब 20 बच्चे सवार थे। अनहोनी की आशंका से बच्चों में चीख-पुकान मच गई। इसके बाद आस-पड़ोस के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और लोगों ने पानी में जाकर बच्चों को बाहर निकाला। इस रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है।
महबूब नगर के डिप्टी कमिश्नर ने बताया, यह घटना सुबह करीब नौ बजे की है। 20 बच्चों को लेकर जा रही बस माचनपल्ली और सिगुर गड्डा टांडा के बीच अंडरपास में फंस गई थी।
बस ड्राइवर को नहीं था पानी का अंदाजा
अधिकारियों ने बताया, बस ड्राइवर सुबह-सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रहा था। अंडरपास के नीचे पानी भरा हुआ था। ड्राइवर को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था। इस कारण वह आगे बढ़ता चला गया। हालांकि, आगे जाकर वह बाढ़ के पानी में फंस गया। पुलिस के मुताबिक, बस पानी में आधी डूब गई थी। जैसे ही लोगों को इसका पता चला वे मदद के लिए आगे आए। वीडियो में लोग बच्चों को पानी से बाहर निकालते दिख रहे हैं।
सभी बच्चे सुरक्षित
पुलिस ने बताया, लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। कोई हताहत नहीं हुआ है। गनीमत रही खतरा देखते ही ड्राइवर ने बस को बंद कर दिया। बाद में ट्रैक्टर की मदद से बस को बाहर निकाला गया।
#WATCH | Telangana: A school bus, carrying 30 students, was partially submerged in a flooded street in Mahbubnagar today. The students were rescued by the locals. The bus was later brought out of the spot. pic.twitter.com/7OOUm8as0v
— ANI (@ANI) July 8, 2022