देवभूमि सवर्ण समाज संगठन: कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के होर्डिंग फाड़े, स्थिति तनावपूर्ण


02:32 PM, 16-Mar-2022

मुख्यमंत्री के होर्डिंग फाड़े

देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के कार्यकर्ताओं ने टूटीकंडी क्रॉसिंग के पास लगे मुख्यमंत्री के होर्डिंग फाड़ दिए हैं। विधानसभा के पास पुलिस ने बेरिकेड लगा दिए हैं। टालैंड से आगे ओल्ड बस स्टैंड की ओर आने वाली बसों की आवाजाही बंद कर दी गई है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर वाया कंडाघाट-जुंगा मार्ग से होते हुए शिमला पहुंचे हैं। भीड़ को देखते हुए उनका रूट बदला गया। 

02:13 PM, 16-Mar-2022

रूमित ठाकुर के खिलाफ नारेबाजी

देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के अध्यक्ष रूमित ठाकुर के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी है। रूमित ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि हम 2022 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और मौजूदा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे। रूमित ठाकुर के इस बयान पर कार्यकर्ता भड़क गए और नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए, राजनीति नहीं चलेगी। कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए हैं। रूमित कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश कर रहे हैं।  फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। 

01:48 PM, 16-Mar-2022

आईजी कार्रवाई करें

रूमित ठाकुर ने एलान किया कि हमारे कार्यकर्ताओं पर जिन्होंने लाठीचार्ज किया उनके खिलाफ आईजी कार्रवाई करें। प्रदेश भर में 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर नजरबंद किया गया है। गाड़ियों की चाबीयां निकाल ली गईं। रात भर महिलाओं और बुजुर्गों को सड़कों पर खड़ा रखा। जिन्होंने मनमानी की है उनके खिलाफ कार्रवाई का  पुलिस के आलाअधिकारी आश्वासन दें।

01:00 PM, 16-Mar-2022

स्थिति तनावपूर्ण, पुलिस बल पूरी तरह चौकस

एक बजे के अल्टीमेटम से पहले फिर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। पुलिस बल पूरी तरह चौकस है। देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के कार्यकर्ता जय भवानी, जय भवानी, के नारे लगा रहे हैं। पुलिस जवानों को आंसू गैस के साथ तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों की संख्या अचानक से बढ़ गई है।


 

12:01 PM, 16-Mar-2022

दो घंटे से यातायात पूरी तरह बंद

बालूगंज से एमएलए क्रासिंग की तरफ वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। शिमला-चंडीगढ़ और शिमला-मंडी हाईवे पर दो घंटे से यातायात पूरी तरह बंद है। मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर के बाहर भी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। 

11:52 AM, 16-Mar-2022

पुलिस को चेतावनी, टूटीकंटी क्रॉसिंग तक आने से न रोकें गाड़ियां

संगठन के अध्यक्ष रूमित ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यकताओं की गाड़ियों को टूटीकंटी क्रॉसिंग तक आने से न रोका जाए। जोर-जबरदस्ती की तो हिंसक होने को मजबूर हो जाएंगे। पुलिस मंडी हमीरपुर और अन्य जिलों से आने वाले वाहनों की जतोग में चेकिंग कर रही है। वहीं सोलन से आने वाले वाहनों की शोघी में चेकिंग की जा रही है।

11:41 AM, 16-Mar-2022

पांच पुलिस कर्मचारी घायल

देवभूमि सवर्ण समाज संगठन की प्रस्तावित रैली व प्रदर्शन को लेकर देर रात करीब 12 बजे नाहन-शिमला मार्ग पर दोसड़का में पुलिस व संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस घटना में पांच पुलिस कर्मचारी के घायल हो गए। जानकारी के अनुसार देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के कार्यकर्ता शिमला में प्रस्तावित रैली व प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। नाहन से 9 किमी दूर पुलिस द्वारा लगाए नाके पर जैसे ही कार्यकर्ताओं को रोका गया। इससे अचानक ही टकराव की स्थिति पैदा हो गई। बता दें पुलिस ने दोसड़का में बैरिकेड लगाए हुए थे। इससे पहले देर शाम प्रदर्शन में हिस्सा लेने जा रहे कार्यकर्ताओं को श्री रेणुका जी में भी आगे न जाने की हिदायत दी गई थी, लेकिन वहां से वह आगे बढ़ गए। इसके बाद दोसड़का में पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच सीधा टकराव हुआ। स्थिति अनियंत्रित होते देख पुलिस को भी बल का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच हुई इस झड़प में 5 पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं, तो वहीं पुलिस के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। बताया जा रहा है कि शराब की खाली बोतलें व पत्थरों से पुलिस पर हमला किया गया। एसपी सिरमौर ओमापति जमवाल ने पांच पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की है। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। इसकी आड़ में हमला करने वाले मौके से भाग गए। एसपी ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है। पथराव में पुलिस के एक ट्रक व अन्य वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया है।

11:34 AM, 16-Mar-2022

देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के अध्यक्ष रूमित ठाकुर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। रूमित ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बात करने नहीं आए तो तीन घंटे बाद शिमला के लिए कूच किया जाएगा। 

11:34 AM, 16-Mar-2022

ये है मांग

प्रदेश सरकार ने सामान्य वर्ग आयोग अधिसूचित किया है। देवभूमि सवर्ण समाज संगठन की मांग है कि सामान्य वर्ग आयोग नहीं, सरकार सवर्ण आयोग का गठन करे। इसकी अधिसूचना नहीं एक्ट के तहत इसकी स्थापना चाहिए। जारी अधिसूचना के अनुसार आयोग में जिस तरह से नियुक्तियां की जानी हैं, वे मौजूदा प्रावधानों के अनुसार राजनीतिक होंगी। ये गैर राजनीतिक और कंपीटेंट लोगों की होनी चाहिए। सवर्ण लोगों के अधिकारों की आयोग रक्षा करे और एससी एसटी एट्रोसिटी एक्ट के दुरुपयोग को रोकने के लिए इसमें कार्रवाई का प्रावधान हो। ये सिविल कोर्ट की तरह काम करे।

09:08 AM, 16-Mar-2022

देवभूमि सवर्ण समाज संगठन: कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के होर्डिंग फाड़े, स्थिति तनावपूर्ण

देवभूमि सवर्ण समाज संगठन के कार्यकर्ता टूटीकंडी क्रॉसिंग पर सड़क पर बैठ गए हैं और जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने शोघी में ख्वारा चौकी पर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 यातायात ठप कर दिया। शिमला चंडीगढ़ हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।

शिमला पहुंचने के अधिकतर रास्ते बंद कर दिए गए हैं। शालाघाट में बिलासपुर की ओर से आने वाली गाड़ियों को रोका जा रहा है। शिमला मंडी हाईवे पर तवी मोड़ के पास नाकेबंदी कर दी गई है। शिमला की ओर आने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक वाया चक्कर डायवर्ट किया गया। प्रदर्शनकारियों ने तारादेवी में वाहनों पर पथराव कर दिया। बसों को भी निशाना बनाया जिससे ट्रैफिक ठप हो गया है।

शिमला मंडी हाईवे पर तवी मोड़ के पास नाकाबंदी कर दी गई है। सवर्ण समाज के कार्यकर्ताओं की तलाश में पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही है। चक्कर सड़क पर ट्रैफिक जाम है, लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टूटीकंडी क्रॉसिंग पर बेरिकेड लगाकर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी शिमला और डीआईजी हिमांशु मिश्रा मौके पर मौजूद हैं।



Source link

Enable Notifications OK No thanks