National Herald Case Live: सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ आज, कांग्रेस नेताओं का देशव्यापी प्रदर्शन


09:30 AM, 21-Jul-2022

सोनिया-राहुल पर रविशंकर प्रसाद का बड़ा हमला

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सोनिया गांधी की ED के द्वारा पूछताछ होने वाली है इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी की ये सत्याग्रह नहीं बल्कि देश और देश के कानून के खिलाफ ये दुराग्रह है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस मामले में आरोपी हैं और वे दोनों जमानत पर हैं। उन पर धोखाधड़ी का आरोप है। रविशंकर ने कहा कि वे हाईकोर्ट गए वहां याचिका खारिज हुई, वे सुप्रीम कोर्ट गए वहां भी याचिका खारिज हुई। 

08:21 AM, 21-Jul-2022

पूछताछ के मद्देनजर इन रास्तों से आने से बचें

सोनिया से पूछताछ के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के नई दिल्ली जिले के डीसीपी पटेल अलाप मनसुख ने बुधवार रात को ट्वीट कर लोगों को सलाह दी है कि लोग मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड पर सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक या फिर पूछताछ पूरी होने तक आने से बचें। इसके अलावा गोल मेठी गोलचक्कर, तुगलक रोड गोलचक्कर, क्यू पाइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद, मौलाना आजाद रोड व मान रोड गोलचक्कर पर आने से बचें। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि प्रदर्शन को देखते हुए गोल डाकखाना गोलचक्कर, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक और पृथ्वीराज रोड से आगे बसों को नहीं जाने दिया जाएगा। संसद सत्र व कांवड़ियों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस पहले से अलर्ट है। अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के पास कई मार्गों पर बुधवार को ही बैरिकेड्स कर दी गई थी।

08:10 AM, 21-Jul-2022

इससे पहले राहुल गांधी से हो चुकी है पूछताछ

इससे पहले जून के मध्य में ईडी ने राहुल गांधी से लगातार पांच दिनों तक पूछताछ की थी। इस दौरान भी कांग्रेस नेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया था। सोनिया गांधी को भी जून में समन किया गया था लेकिन खराब सेहत का हवाला देकर उन्होंने आगे की तारीख मांगी थी।

08:06 AM, 21-Jul-2022

क्या है नेशनल हेराल्ड?

देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने 20 नवंबर 1937 को एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड यानी AJL का गठन किया था। इसका उद्देश्य अलग-अलग भाषाओं में समाचार पत्रों को प्रकाशित करना था। तब AJL के अंतर्गत अंग्रेजी में नेशनल हेराल्ड(National Herald), हिंदी में नवजीवन और उर्दू में कौमी आवाज समाचार पत्र प्रकाशित हुए।  भले ही AJL के गठन में पं. जवाहर लाल नेहरू की भूमिका थी, लेकिन इस पर मालिकाना हक कभी भी उनका नहीं रहा। क्योंकि, इस कंपनी को 5000 स्वतंत्रता सेनानी सपोर्ट कर रहे थे और वही इसके शेयर होल्डर भी थे। 90 के दशक में ये अखबार घाटे में आने लगे। साल 2008 तक AJL पर 90 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज चढ़ गया। तब AJL ने फैसला किया कि अब समाचार पत्रों का प्रकाशन नहीं किया जाएगा। अखबारों का प्रकाशन बंद करने के बाद AJL प्रॉपर्टी बिजनेस में उतरी।

तो विवाद कहां से शुरू हुआ? 

2010 में AJL के 1057 शेयरधारक थे। घाटा होने पर इसकी होल्डिंग यंग इंडिया लिमिटेड यानी YIL को ट्रांसफर कर दी गई। यंग इंडिया लिमिटेड की स्थापना उसी वर्ष यानी 2010 में हुई थी। इसमें तत्कालीन कांग्रेस पार्टी के महासचिव राहुल गांधी डायरेक्टर के रूप में शामिल हुए। कंपनी में 76 प्रतिशत हिस्सेदारी राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी के पास रखी गई। शेष 24 फीसदी कांग्रेस नेताओं मोतीलाल वोरा और ऑस्कर फर्नांडीस (दोनों का निधन हो चुका है) के पास थी। 

शेयर ट्रांसफर होते ही AJL के शेयर होल्डर्स सामने आ गए। पूर्व कानून मंत्री शांति भूषण, इलाहाबाद व मद्रास उच्च न्यायालयों के पूर्व मुख्य न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू सहित कई शेयरधारकों ने आरोप लगाया कि जब YIL ने AJL का ‘अधिग्रहण’ किया था तब उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया था। यही नहीं, शेयर ट्रांसफर करने से पहले शेयर होल्डर्स से सहमति भी नहीं ली गई। बता दें कि शांति भूषण और मार्कंडेय काटजू के पिता के नाम पर AJL में शेयर था। 

सुब्रमण्यम स्वामी ने दर्ज कराया था मामला

2012 में भाजपा के नेता और देश के नामी वकील सुब्रमण्यम स्वामी ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडीस, पत्रकार सुमन दुबे और टेक्नोक्रेट सैम पित्रोदा के खिलाफ मामला दर्ज कराया। तब केंद्र में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए की सरकार थी।  सुब्रमण्यम स्वामी ने दावा किया कि YIL ने 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति और लाभ हासिल करने के लिए “गलत” तरीके से निष्क्रिय प्रिंट मीडिया आउटलेट की संपत्ति को “अधिग्रहित” किया।

 

स्वामी ने यह भी आरोप लगाया कि YIL ने 90.25 करोड़ रुपये की वसूली के अधिकार हासिल करने के लिए सिर्फ 50 लाख रुपये का भुगतान किया था, जो AJL पर कांग्रेस पार्टी का बकाया था। यह राशि पहले अखबार शुरू करने के लिए कर्ज के रूप में दी गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि AJL को दिया गया कर्ज “अवैध” था, क्योंकि यह पार्टी के फंड से लिया गया था।

08:00 AM, 21-Jul-2022

कांग्रेस मुख्यालय के आसपास के क्षेत्र में बैरिकेड्स लगाए गए

इस बीच सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय के आसपास के क्षेत्र में बैरिकेड्स लगाए हैं। 

07:41 AM, 21-Jul-2022

National Herald Case Live: सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ आज, कांग्रेस नेताओं का देशव्यापी प्रदर्शन

नेशनल हेराल्ड(National Herald) अखबार से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय(ED) आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ करेगी। सोनिया सुबह 11 बजे तक ईडी दफ्तर पहुंचेंगी। वहीं पूछताछ का विरोध करने के लिए आज कांग्रेस देशव्यापी प्रदर्शन भी करेगी। सोनिया गांधी से पूछताछ से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ…  



Source link

Enable Notifications OK No thanks