आगजनी की सबसे ज्यादा घटनाएं यहां हुईं
भारतीय वन सर्वेक्षण के अनुसार पिछले सात दिनों में 29 राज्यों में 60 हजार से ज्यादा आगजनी की छोटी-बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें सबसे ज्यादा मध्य प्रदेश में 17,709, छत्तीसगढ़ में 12,805, महाराष्ट्र में 8,920, ओडिशा में 7,130 और झारखंड में 4,684 आगजनी की घटनाएं हुई हैं। देश के कई राज्यों के जंगल में आग लगने से वन्य संपदा और वन्य जीवों के जीवन पर खतरा मंडराने लगा है।
राजस्थान में 90 घंटे तक लगी रही आग
हाल ही में राजस्थान का सरिस्का 90 घंटों तक जलता रहा। इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों में जम्मू कश्मीर और हिमाचल सहित देश के कई राज्यों में हजारों हेक्टेयर का जंगल तबाह हो गया।
गर्मी में जंगलों में क्यों लगती है आग?
पर्यावरण के विशेषज्ञ और रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट डायरेक्टर आदित्य पटेल बताते हैं, ‘मार्च में सामान्य से अधिक तापमान बढ़ने से आगजनी की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। जंगल में पेड़ों के सूखे पत्ते और टहनियां ईंधन का काम करते हैं। एक छोटी सी चिंगारी भी विकराल रूप ले लेती है। ऐसे में अगर हवा तेज चल रही हो तो एक जगह लगी आग पूरे जंगल को तबाह करने के लिए काफी है।’