Delhi Weather: चिपचिपी गर्मी से परेशान लोग, झमाझम बारिश का इंतजार अगले 48 घंटे में होगा खत्म


राजधानी में झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे लोगों का इंतजार अगले 48 घंटे में खत्म होगा। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए दिल्ली में तेज बारिश की संभावना जताई है। इससे अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम पारे में कमी होगी व लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं, बृहस्पतिवार को भी मानसून रूठा रहा और लोग चिपचिपी गर्मी से परेशान रहे।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राजधानी में जून के आखिरी सप्ताह से शुरू हुआ नमी भरी हावाओं का दौर जारी है। यह हवाएं अपने साथ पूर्वी दिशा से बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर पहुंच रही हैं, जो कि बारिश के रूप में दिल्ली में बरसती है। वर्तमान में मानसून की अक्षीय रेखा मध्य भारत में सक्रिय है। इस वजह से राजधानी में लोगों का बारिश का इंतजार बढ़ रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की स्थिति में लोगों के लिए गर्मी अधिक परेशानी का सबब बनती है। हवाओं में नमी का स्तर 80 फीसदी से अधिक होने व तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा होने पर इंसानों द्वारा इसे सहना मुश्किल हो जाता है, जबकि विदेशों में ऐसी स्थिति होने पर आमतौर पर बाहरी गतिविधियों को बंद कर दिया जाता है। 

 

सामान्य से तीन अधिक 39.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन अधिक 39.1 व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो अधिक 30 डिग्री सेल्सियस रहा। हवाओं में नमी का स्तर 52 से 83 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के पूसा मानक केंद्र पर पारा 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 

शुक्रवार को बढ़ेंगे गर्मी के तेवर, शनिवार को राहत 

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में सूरज आपकी आंखों को और चुभेगा। नतीजन दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, नमी का स्तर अधिक होने की वजह से उमस भरी गर्मी से लोगों का बुरा हाल रहेगा। हालांकि, कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की जा सकती है, लेकिन इससे अधिक राहत मिलने के बजाय उमस बढ़ेगी। विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को दिल्ली में तेज बारिश की संभावना है। इससे तापमान गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। 

अधिकतम तापमान-40 डिग्री सेल्सियस

न्यूनतम तापमान- 29 डिग्री सेल्सियस 

सूर्यास्त का समय: 7:23 बजे

सूर्योदय का समय: 5:31 बजे

-दिनभर तेज धूप निकलने की संभावना है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। हवा में नमी का स्तर अधिक रहेगा। 



Source link

Enable Notifications OK No thanks