Himachal Weather: भारी बारिश से अटल टनल में जलभराव, कई मकान व गोशालाएं क्षतिग्रस्त, 27 सड़कें ठप


हिमाचल प्रदेश में जारी बारिश से जगह-जगह भूस्खलन होने से भारी नुकसान हुआ है। शुक्रवार शाम तक प्रदेश में 27 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। मंडी जिले में सबसे अधिक 16, सोलन में नौ, लाहौल-स्पीति और चंबा में एक-एक सड़क बंद रही। इसके अलावा प्रदेश में 19 पेयजल योजनाएं प्रभावित चल रही हैं। शुक्रवार को प्रदेश में सात कच्चे, दो पक्के मकान और सात गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुईं।

प्रदेश में बरसात से अभी तक 27,348 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गुरुवार रात को निरमंड में पहाड़ी से कार पर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत और तीन घायल हो गए हैं। अटल टनल रोहतांग में शुक्रवार को बारिश का पानी भर गया। प्र्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार दोपहर को कुछ समय के बादल झमाझम बरसे। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

अचानक जलस्तर बढ़ने से मंडी के भांवला में स्कूटी समेत एक युवक बह गया। दुकानदारों ने करीब 200 मीटर दूर युवक को पकड़कर उसकी जान बचाई। युवक की पहचान भांबला पंचायत के गांव रमेहड़ा निवासी देवदत पुत्र शिवराम के रूप में हुई है। 

बिलासपुर जिले में भारी बारिश से दो कच्चे मकान, एक रसोई घर, चार गोशालाएं, हमीरपुर में स्लेटपोश मकान ढहा है। 

ननखड़ी में एक पेड़ दो मंजिला मकान पर गिर गया। भूस्खलन होने से बंद उदयपुर-तिंदी-किलाड़ मार्ग शुक्रवार सुबह 17 घंटे बाद बहाल हुआ। भरमौर-हड़सर मार्ग पर प्रंघाला नाले का जलस्तर बढ़ने से सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा जलमग्न हो गया। 

मंडी के पास हुए भूस्खलन से एचआरटीसी कुल्लू की 10 बसें 15 घंटे तक फंसी रहीं। भारी बारिश से नाचन, सराज में सेब तुड़ान प्रभावित हुआ है। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कमरुनाग और शिकारी देवी मंदिर ना जाने की अपील की है। 



Source link

Enable Notifications OK No thanks