मोहाली में महाविजय: कोहली के 100वें टेस्ट में भारत की विराट जीत, श्रीलंका को बुरी तरह हराया, जडेजा ने किया कमाल


स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मोहाली
Published by: रोहित राज
Updated Sun, 06 Mar 2022 04:21 PM IST

सार

भारत ने श्रीलंका को दो टेस्ट की सीरीज के पहले मुकाबले में पारी और 222 रन से हरा दिया। उसने सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने पहली पारी में 574 रन बनाए थे। वहीं, श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 174 और दूसरी पारी में 178 रन बनाए।

भारत बनाम श्रीलंका

भारत बनाम श्रीलंका
– फोटो : बीसीसीआई

ख़बर सुनें

विस्तार

श्रीलंका के खिलाफ मोहाली टेस्ट को भारतीय टीम ने पारी और 222 रन से अपने नाम कर लिया है। मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम ने श्रीलंकाई टीम को पहले पहली पारी में 174 रन और फिर दूसरी पारी में 178 रन पर समेट दिया। टीम इंडिया ने पहली पारी में आठ विकेट पर 574 रन बनाए थे। भारत की जीत के हीरो रवींद्र जडेजा रहे। उन्होंने नाबाद 175 रन बनाने के अलावा मैच में नौ विकेट भी लिए।

पारी के अंतर के हिसाब से भारत की श्रीलंका पर ये दूसरी सबसे बड़ी जीत है। उससे पहले उसने नागपुर में 2017 में खेले गए टेस्ट मैच में पारी और 239 रन से हराया था। वहीं, 2017 में पल्लेकेले में पारी और 171 रनों से जीत हासिल की थी। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो भारत अपने पुराने रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाया। उसने 2018 में राजकोट में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रनों से हराया था।

भारत की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत (पारी के हिसाब से)

खिलाफ जीत का अंतर मैदान साल
वेस्टइंडीज पारी और 272 रन राजकोट 2018
अफगानिस्तान पारी और 262 रन बेंगलुरु 2018
बांग्लादेश पारी और 239 रन मीरपुर 2007
श्रीलंका पारी और 239 रन नागपुर 2017
श्रीलंका पारी और 222 रन मोहाली 2022

कपिल देव से आगे निकले अश्विन

रविचंद्रन अश्विन भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने महान ऑलराउंडर कपिल देव को पीछे छोड़ दिया है। कपिल देव ने 434 विकेट लिए थे। टीम इंडिया के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले के नाम दर्ज है। कुंबले ने 619 विकेट चटकाए थे। कपिल देव के बाद पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने 417 विकेट लिए थे। दो तेज गेंदबाजों जहीर खान और इशांत शर्मा के नाम 311-311 विकेट दर्ज हैं।

मैच के तीसरे दिन क्या-क्या हुआ?

श्रीलंका ने मैच के तीसरे दिन अपनी पारी में चार विकेट पर 108 रन से आगे खेलना शुरू किया। पथुम निसांका 26 और चरित असालंका ने अर्धशतकीय साझेदारी की। इस दौरान निसांका ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 161 के स्कोर पर श्रीलंका को पांचवां झटका लगा। असालंका 19 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। उनके आउट होते ही श्रीलंकाई पारी ढह गई। आखिरी छह विकेट उसके 13 रन के अंदर गिर गए और लंकाई टीम 174 रनों पर ढेर हो गई।

पथुम निसांका 133 गेंद पर 61 रन बनाकर नाबाद रहे। डिकवेला दो रन बनाकर जडेजा की गेंद पर आउट हुए। लकमल, एम्बुलडेनिया, विश्वा फर्नांडो और लाहिरू कुमारा खाता भी नहीं खोल पाए। भारत के लिए पहली पारी में रवींद्र जडेजा ने पांच, जयंत यादव और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह को एक सफलता मिली।

दूसरी पारी में भी श्रीलंका ने किया निराश

भारत को पहली पारी में 400 रनों की विशाल बढ़त मिली। उसने श्रीलंका को फॉलोऑन खेलने के लिए बुलाया। दूसरी पारी में भी श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने निराश किया। उन्होंने क्रीज पर टिकने का जज्बा ही नहीं दिखाया। ओपनर लाहिरू थिरिमाने खाता खोले बगैर अश्विन का शिकार बन गए। उनके बाद पथुम निसांका छह रन बनाकर अश्विन की गेंद पर ऋषभ पंत को कैच थमा बैठे। दिमुथ करूणारत्ने (27 रन) को शमी ने पंत के हाथों कैच कराया। 

शीर्ष क्रम के ढह जाने के बाद भी श्रीलंकाई बल्लेबाज संभलकर नहीं खेल सके। धनंजय डी सिल्वा 30 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर श्रेयस अय्यर को कैच थमा बैठे। असालंका (20 रन) को अश्विन ने कोहली के हाथों कैच कराया। एंजेलो मैथ्यूज 28 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। सुरंगा लकमल खाता भी नहीं खोल पाए। जडेजा की गेंद पर जयंत ने उनका कैच लिया। एम्बुलडेनिया दो रन बनाकर जडेजा का शिकार बने। विश्वा फर्नांडो को मोहम्मद शमी ने एलबीडब्ल्यू किया। लाहिरू कुमारा को अश्विन ने शमी के हाथों कैच कराय दिया। डिकवेला 51 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए दूसरी पारी में अश्विन और जडेजा ने चार-चार विकेट लिए। मोहम्मद शमी को दो सफलता मिली।

जडेजा के शतक के अलावा तीन बल्लेबाजों ने ठोके अर्धशतक

भारत की पहली पारी की बात करें तो जडेजा ने सबसे ज्यादा नाबाद 175 रन बनाए। उनके बाद ऋषभ पंत ने 96, रविचंद्रन अश्विन ने 61 और हनुमा विहारी ने 58 रन की पारी खेली। विराट कोहली ने 45, मयंक अग्रवाल ने 33, रोहित शर्मा ने 29, श्रेयस अयय्र ने 27 और मोहम्मद शमी ने नाबाद 20 रन बनाए। जयंत यादव के बल्ले से सिर्फ दो रन ही निकल सके। श्रीलंका के लिए सुरंगा लकमल, विश्वा फर्नांडो और एम्बुलडेनिया ने दो-दो विकेट लिए।



Source link

Enable Notifications OK No thanks