सार
देवी मां के मंदिरों में तैयारियां पूरी हो गई हैं। झंडेवालान मंदिर में खास इंतजाम किए गए हैं। यहां इस बार माता रानी के दर्शन की बुकिंग क्यूआर कोड से होगी।
ख़बर सुनें
विस्तार
देवी मां के मंदिरों में तैयारियां पूरी हो गई हैं। झंडेवालान मंदिर में खास इंतजाम किए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने इस बार खास क्यूआर कोड विकसित किया है, जिसे स्कैन कर भक्तों के पास बिना लाइन में लगे दर्शन करने की सुविधा होगी। झंडेवालान मंदिर के फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पेज पर इसके लिए एक लिंक शेयर किया गया है, जिस पर दर्शन करने का समय, परिवार के कितने सदस्य दर्शन करेंगे, यह सभी जानकारी भरनी होगी और आखिर में यहां से एक पासवर्ड प्राप्त करना होगा।
पासवर्ड से मिलेगा प्रवेश
झंडेवालान मंदिर में क्यूआर कोड वाले भक्तों के लिए अलग प्रवेश द्वार की व्यवस्था होगी। इस द्वार पर सेवादार पासवर्ड पूछेंगे और भक्तों को माता रानी के धाम में सीधे दर्शन करने के लिए भेज देंगे। मंदिर के मीडिया प्रभारी नंद किशोर सेठी ने बताया कि दर्शन के लिए गरुण द्वार, श्री द्वार और सेवादार द्वार बनाए गए हैं। तीनों द्वारों से मंदिर में खाली हाथ दर्शन के लिए भक्तों को भेजा जाएगा। दर्शन करके लौटने पर सभी भक्तों को प्रसाद दिया जाएगा।
पूजा कार्यक्रम
g तड़के 4 से रात 12 बजे तक मंदिर खुला रहेगा।
g तड़के 4 बजे और शाम को 7 बजे आरती होगी।
g प्रात: 9 बजे से कीर्तन, तीन घंटे में कीर्तन मंडली बदल जाएगी।
g शाम 6 बजे करीब पौना घंटेे, माता के शृंगार के लिए बंद होंगे दर्शन।
g झंडेवालान मंदिर के फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पेज पर लाइव टेलीकास्ट।
कालकाजी मंदिर में प्रशासक की देखरेख में दर्शन : महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत महाराज ने बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश से इस बार श्रीकालकाजी आदि शक्तिपीठ में भक्तों को दर्शन कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासक के पास रहेगी। मंदिर में राम प्याऊ द्वार, कमल मंदिर और मोदी मिल की तरफ प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। प्रतिदिन चंडी यज्ञ और भक्तों के लिए भंडारा चलता रहेगा।
पूजा कार्यक्रम
- तड़के 4 बजे से मंदिर में पूजा शुरू।
- सुबह 8 बजे से मंदिर में भजन कीर्तन होगा।
- सुबह 8 से 10 बजे तक आवाहित देवताओं की पूजा।
- सुबह 10 से दोपहर 1.30 बजे तक हवन होगा।
- अपराह्न 3 से 6 बजे तक दुर्गा सप्तसती महात्म्य का पाठ किया जाएगा।
मंदिर प्रभारी एमके सेठी ने बताया कि छतरपुर आद्य कात्यायनी शक्तिपीठ भक्तों के लिए 24 घंटे खुला रहेगा। राजधानी के सबसे भव्य शक्ति पीठों में से एक इस मंदिर में इस बार भक्तों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
पूजा कार्यक्रम
- तड़के 4 बजे आदिशक्ति का माला शृंगार।
- सुबह से शांति यज्ञ किया जाएगा।
- सुबह 11 से अपराह्न 3 बजे तक और शाम 7 से रात 11 बजे तक लंगर चलेगा।
- व्रत रखने वालों के लिए अलग लंगर की व्यवस्था रहेगी।
- पुलिस और मंदिर कार्यकर्ता सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।
- सुबह शाम दुर्गा सप्तसती महात्म्य का पाठ होगा।।