फोबिया या कुछ और?: मेगा ऑक्शन के बाद बेहाल रहती है मुंबई इंडियंस, पांच सीजन में हुई खराब शुरुआत


स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: रोहित राज
Updated Sun, 10 Apr 2022 04:40 PM IST

सार

यह पहला असवर नहीं है जब मेगा ऑक्शन के बाद मुंबई का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। आईपीएल में पांचवीं बार मेगा ऑक्शन हुआ है और हर बार नीलामी के बाद मुंबई की टीम की शुरुआत खराब हुई है।

रोहित शर्मा

रोहित शर्मा
– फोटो : अमर उजाला

ख़बर सुनें

विस्तार

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के 15वें सीजन में खराब शुरुआत की है। टीम अब तक सीजन में खाता नहीं खोल सकी है। उसे लगातार चार मैचों हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई को दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइटराइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से शिकस्त मिली है। आईपीएल के मौजूदा सीजन से पहले मेगा ऑक्शन का आयोजन हुआ था। मुंबई की टीम में कई नए खिलाड़ी शामिल हुए हैं। रोहित शर्मा अब तक सही प्लेइंग-11 नहीं चुन सके हैं। वे लगातार बदलाव कर रहे हैं, लेकिन उन्हें जीतने वाली प्लेइंग-11 नहीं मिल रही।

यह पहला असवर नहीं है जब मेगा ऑक्शन के बाद मुंबई का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। आईपीएल में पांचवीं बार मेगा ऑक्शन हुआ है और हर बार नीलामी के बाद मुंबई की टीम की शुरुआत खराब हुई है। ऐसा माना जाता है कि मुंबई इंडिया को ‘मेगा ऑक्शन फोबिया’ है। नीलामी के ठीक बाद टीम के प्रदर्शन में गिरावट दर्ज होती है।

पांच बार मेगा ऑक्शन के बाद क्या हुआ?

2008: सबसे पहले बात आईपीएल के पहले सीजन की करते हैं। टूर्नामेंट से पूर्व पहला मेगा ऑक्शन आयोजित हुआ था।  मुंबई की टीम लगातार चार शुरुआती मैचों में हारी थी। तब सचिन तेंदुलकर टीम के कप्तान थे। मुंबई ने सीजन का अंत पांचवें स्थान पर किया था।

2011: दूसरी बार आईपीएल में मेगा ऑक्शन हुआ था। नीलामी के बाद सीजन में मुंबई की शुरुआत खराब रही थी। शुरुआती चार में से तीन मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा था। टीम एलिमिनेटर तक पहुंची थी।

2014: इस साल आईपीएल का तीसरा मेगा ऑक्शन आयोजित हुआ था। मुंबई की शुरुआती पांच मैचों में हारी थी। हालांकि, टीम ने पांचवें मैच के बाद जबरदस्त वापसी की और एलिमिनेटर में अपना स्थान पक्का किया था।

2018: एक बार फिर से आईपीएल के सीजन से पूर्व मेगा ऑक्शन का आयोजन हुआ। मुंबई की शुरुआत एक बार फिर खराब हुई। शुरुआती तीन मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा। टीम अंत में पांचवें पायदान पर रही थी।

2022: आईपीएल में पांचवीं बार मेगा ऑक्शन आयोजित हुआ। मुंबई का इतिहास एक बार फिर दोहराया। रोहित शर्मा की टीम अब तक सीजन में लगातार चार मैच हार चुकी है। उसका खाता नहीं खुला है। देखना है कि टीम टूर्नामेंट में आगे कहां तक जा पाती है।



Source link

Enable Notifications OK No thanks