Presidential Election Results Live: देश को आज मिलेंगे 15वें राष्ट्रपति, सुबह 11 बजे शुरू होगी वोटों की गिनती


09:18 AM, 21-Jul-2022

द्रौपदी मुर्मू को 27 दलों का था समर्थन

27 दलों के समर्थन के साथ द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी है। वहीं महज 14 दलों के समर्थन के साथ सिन्हा को करीब 3.5 लाख वोट ही मिलने की उम्मीद है।

09:06 AM, 21-Jul-2022

इस तरह से होगी मतगणना

सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों की गिनती की जाएगी। संसद भवन में कुल 730 वोट डाले गए थे। इन वोटों की गिनती के बाद राज्यों में पड़े मतों की गिनती शुरू होगी। इसके लिए अंग्रेजी वर्णमाला के क्रमानुसार 10 राज्यों की मतपेटियां बारी-बारी से निकाली जाएंगी।

08:15 AM, 21-Jul-2022

99.18 फीसदी वोट पड़े थे संसद में

देश के 15वें राष्ट्रपति को चुनने के लिए सोमवार को मतदान हुआ था और संसद भवन में 99.18 प्रतिशत मत पड़े थे। देश के दस राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में 100 फीसदी वोटिंग हुई थी। कई राज्यों में क्रॉस वोटिंग की भी खबरें थीं।

07:57 AM, 21-Jul-2022

शाम तक आएगा नतीजा

राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी को इन चुनावों के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। वह मतगणना की निगरानी करेंगे। परिणाम शाम तक आने की उम्मीद है।

07:42 AM, 21-Jul-2022

पहले सांसदों के मत गिने जाएंगे

सबसे पहले सांसदों के मतों की गिनती होगी और निर्वाचन अधिकारी मोदी इसके रुझान की जानकारी देंगे। इसके बाद वर्णमाला के अनुसार दस-दस राज्यों के विधायकों के मत गिने जाएंगे और 20 राज्यों के वोट गिने जाने के बाद मोदी फिर रुझान की जानकारी सार्वजनिक करेंगे। अंत में परिणाम बताया जाएगा

07:01 AM, 21-Jul-2022

Presidential Election Results Live: देश को आज मिलेंगे 15वें राष्ट्रपति, सुबह 11 बजे शुरू होगी वोटों की गिनती

भारत में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की जगह कौन नए महामहिम होंगे इसकी आधिकारिक घोषणा आज हो जाएगी। 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए संसद भवन में सुबह 11 बजे से वोटों की गिनती आरंभ होगी। यूं तो विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के खिलाफ सत्तारूढ़ राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है मगर जीत-हार के वोटों के अंतर का पता मतगणना से चलेगा। मतगणना से उन दावों की सत्यता भी पता चलेगी कि कई दलों के विधायकों ने बिना जानकारी दिए अपनी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ क्रॉस वोटिंग की है। द्रौपदी मुर्मू जीतने पर देश की पहली आदिवासी महिला होंगी जो सर्वोच्च सांविधानिक पद पर आसीन होंगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है और 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होना है। 



Source link

Enable Notifications OK No thanks