Russia Ukraine Conflict Live: ब्रिटेन ने रूस पर लागू किए प्रतिबंध, पहले चरण में पांच बैंकों पर बैन


08:08 PM, 22-Feb-2022

यूक्रेन मुद्दे पर रूस को सजा देने के तरीके खंगाल रहे पश्चिमी देश

यूरोप में युद्ध की आहट के बीच यूक्रेन के अलगाववादी नियंत्रित क्षेत्रों में सैनिक तैनात करने के रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आदेश से दुनियाभर के नेता स्तब्ध हैं और अब वे इस बात गौर कर रहे हैं कि कैसे इसपर अपनी प्रतिक्रिया को ज्यादा से ज्यादा प्रभावशाली बनाएं। जर्मनी ने पहला बड़ा कदम उठाया और रूस से ‘नॉर्ड स्ट्रीम 2’ गैस पाइपलाइन के प्रमाणन की प्रक्रिया को रोकने की कार्रवाई शुरू कर दी। यह मॉस्को के लिए एक आकर्षक सौदा था और रूसी ऊर्जा आपूर्ति पर यूरोप की निर्भरता बढ़ने की अमेरिका ने आलोचना की थी। पश्चिमी देशों का कहना है कि यूक्रेन में पुतिन के कदमों ने अनगिनत अंतरराष्ट्रीय समझौतों का उल्लंघन किया है और चूंकि कूटनीति के शब्द विफल हो गए, इसलिए कार्रवाई की ओर बढ़ने का समय आ गया है।

07:16 PM, 22-Feb-2022

यूक्रेन संकट: जॉनसन ने रूस से कहा- प्रतिबंधों की झड़ी लगा देंगे

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने मंगलवार को कहा कि उनका देश आर्थिक प्रतिबंधों की पहली बमबारी करके रूस को निशाना बनाएगा। उन्होंने आगाह किया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के खिलाफ पूर्ण युद्ध शुरू करने को लेकर अड़े हुए हैं। जॉनसन ने कहा कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून को तार-तार कर दिया है इसलिए वह तुरंत आर्थिक प्रतिबंध लगाएंगे।

06:33 PM, 22-Feb-2022

ब्रिटेन ने रूस पर किया प्रतिबंधों का एलान

ब्रिटेन की तरफ से रूस पर सख्त प्रतिबंधों का एलान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत ब्रिटेन ने सबसे पहले रूस के पांच बैंकों पर प्रतिबंध लगाए हैं। इसके अलावा तीन ऊंची नेटवर्थ वाले लोगों पर भी प्रतिबंधों का एलान हुआ है।

05:49 PM, 22-Feb-2022

रूस-यूक्रेन के बीच तनाव कम होना जरूरी: भारत के विदेश सचिव

रूस-यूक्रेन विवाद पर विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला का भी बयान आया है। उन्होंने कहा, “आज सुबह हमने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक बयान में कहा है कि हम बहुत स्पष्ट हैं कि तनाव कम होना चाहिए। दुनिया एक और संघर्ष नहीं चाहती। कूटनीति से ऐसा सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने का एकमात्र तरीका है जो सभी को स्वीकार्य हो।”

05:33 PM, 22-Feb-2022

ईंधन की बढ़ती चिंता से यूरोप में बढ़ी चिंता

ईंधन की कीमतों में वृद्धि और यूक्रेन पर रूस के हमले की आशंका के कारण यूरोपीय देशों के नेता ऊर्जा सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, विशेष रूप से इसलिए क्योंकि वे प्राकृतिक गैस के लिए दशकों तक मॉस्को पर निर्भर रहे हैं। किफायती दरों पर सीमापार गैस और बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2015 में “ऊर्जा संघ” बनाने की बात कही गई थी लेकिन अभी तक उस पर बहुत कम प्रगति हुई है। सौर तथा वायु ऊर्जा जैसे नवीकरणीय माध्यमों पर मंद गति से काम चल रहा है और अन्य जीवाश्म ईंधन खत्म होते जा रहे हैं इसलिए यूरोप को प्राकृतिक गैस की जरूरत है और इसके लिए वह रूस पर निर्भर है।

04:46 PM, 22-Feb-2022

राजनाथ सिंह बोले- अमेरिका और रूस की बातचीत से निकलेगा समाधान

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी यूक्रेन को संकट लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा, “भारत यूक्रेन के मामले पर यही चाहता है कि बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाए। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा है कि वे रूस के राष्ट्रपति के साथ बात करेंगे। अगर इन दोनों की बातचीत होगी तो निश्चित तौर पर समाधान निकलेगा। जहां तक भारत की बात है भारत शांति चाहता है।”

04:22 PM, 22-Feb-2022

रूस-यूक्रेन विवाद पर केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी का भी बयान आया है। उन्होंने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लेकर कहा कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। भारत सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। भारतीय नागरिक हमारे दूतावास के संपर्क में रहें।

04:02 PM, 22-Feb-2022

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडाइमिर जेलेंस्की ने कहा है कि वे रूस के साथ रिश्ते तोड़ने पर विचार कर रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने अमेरिका समेत सभी पश्चिमी देशों से रूस और जर्मनी के बीच शुरू होने वाली नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन पर प्रतिबंध लगाने की अपील की है। गौरतलब है कि रूस के लिए नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन आर्थिक तौर पर काफी अहम है। यहां जानें क्या है नॉर्ड स्ट्रीम 2 पाइपलाइन और कैसे रूस पर पड़ेगा प्रतिबंधों का फर्क…

03:04 PM, 22-Feb-2022

यूक्रेन पर हो चुका है आक्रमण: ब्रिटेन

पुतिन के एलान के बाद ब्रिटेन के स्वास्थ्य सचिव साजिद जावेद ने दावा किया है कि, रूस की फौज ने यूक्रेन पर आक्रमण कर दिया है। अब ब्रिटेन उस पर कई कड़े प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। मीडिया से बात करते हुए जावेद ने कहा कि, आप यह निष्कर्ष निकाल सकते हैं कि यूक्रेन पर आक्रमण शुरू हो चुका है। 

02:08 PM, 22-Feb-2022

यूरोप भी कर रहा प्रतिबंध लगाने की तैयारी

यूक्रेन पर रूस के हालिया कदम के बाद यूरोपीय संघ भी प्रतिबंधों को लागू करने की तैयारी कर रहा है। विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बॉरेल ने कहा कि यूरोपीय संघ के विदेश मंत्री रूस द्वारा दो शहरों को मान्यता दिए जाने और यूक्रेन के क्षेत्रों में सैनिकों की तैनाती के खिलाफ रूस पर प्रतिबंध लगाने के लिए तैयार हैं। 

02:00 PM, 22-Feb-2022

वार्ता के जरिए हो शांति स्थापना: राजनाथ सिंह

रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बयान सामने आया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि, भारत वार्ता के जरिए समाधान और शांति के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि, मुझे यकीन है कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच बातचीत के बाद कोई समाधान निकलेगा। भारत अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने के पक्ष में है। 

01:44 PM, 22-Feb-2022

भारत ने छात्रों से की यूक्रेन छोड़ने की अपील

यूक्रेन में रूसी हमले की आशंका गहराती ही जा रही है। इस बीच भारत ने छात्रों से एक बार फिर से अपील की है कि, वे तुरंत यूक्रेन छोड़कर भारत लौटें। भारत की ओर से कहा गया है कि, ऑनलाइन क्लासों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किए बिना भारतीय छात्र वापस लौटना शुरू करें। भारत की ओर से नागरिकों को निकालने के लिए अतिरिक्त उड़ाने भी शुरू की गई हैं। 

01:02 PM, 22-Feb-2022

छत्तीसगढ़ सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

यूक्रेन-रूस संकट के बीच छत्तीसगढ़ के लोगों को यूक्रेन से बाहर निकालने के लिए राज्य सरकार की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। सरकार ने छात्रों व अन्य भारतीय नागरिकों क मदद के लिए गणेश मिश्रा को नियुक्त किया है। वह यूक्रेन की सरकार के लगातार संपर्क में है। सरकार की ओर से हेल्पलाइन नं 01146156000, फैक्स-01146156030, मोबाइल नं. 9997060999 शुरू किया गया है। 

12:09 PM, 22-Feb-2022

कीव से दिल्ली के लिए अतिरिक्त उड़ानें

यूक्रेन में जारी उच्च स्तरीय तनाव को देखते हुए भारत ने अतिरिक्त उड़ानों को संचालित करने का फैसला किया है। यूक्रेन में भारतीय दूतावास के मुताबिक, कीव से दिल्ली के लिए चार उड़ानें 25 फरवरी, 27 फरवरी और 6 मार्च, 2022 को संचालित होंगी। 

10:23 AM, 22-Feb-2022

डोनेत्स्क में दिखाई दिए टैंक, ब्रिटेन ने बुलाई आपात बैठक

रूस के राष्ट्रपति पुतिन द्वारा सेना भेजने के आदेश के बाद डोनेत्स्क की ओर टैंक जाते दिखाई दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डोनेत्स्क में टैंकों व सैनिकों की हलचल देखी गई है। वहीं पश्चिम देशों की ओर से और अधिक प्रतिबंधों के अलावा कीव में अधिक हथियारों की तैनाती की तैयारी की जा रही है। इस बीच ब्रिटेन ने आज आपातकालीन कोबरा बैठक बुला ली है। 



Source link

Enable Notifications OK No thanks