रूस-यूक्रेन जंग: रूस में यहां पर कैद हैं अमेरिका के दो वैज्ञानिक! जानिए क्या है इसके पीछे की वजह


रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने खतरनाक मोड़ ले लिया है। यूक्रेन के कई शहरों पर रूसी सेना मिसाइल से हमले कर रही है जिसमें भारी नुकसान हुआ है। रूस ने यूक्रेन के जेपोरीजिया न्यूक्लियर पावर प्लांट पर कब्जा जमा लिया है। रूस और यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच अब दुनिया पर तीसरे विश्व युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। इस खतरे के बीच अमेरिका के दो वैज्ञानिक रूस की राजधानी मास्को में एक कैप्सूल के अंदर कैद हैं। 

माना जा रहा है कि इन वैज्ञानिकों को युद्ध के बारे में जानकारी नहीं है। यह दोनों वैज्ञानिक अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के 8 महीने लंबे चलने वाले स्पेस एक्सपेरिमेंट का हिस्सा हैं। एक तरफ अमेरिकी नागरिक रूस से जल्द से जल्द निकलने में लगे हैं, तो वहीं वैज्ञानिकों को शायद इस गंभीर मामले के बारे में कोई अंदाजा नहीं है। आइए जानते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है? 


अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा अंतरिक्ष यात्रियों के रियल एक्सपीरियंस को जानने के लिए एक एक्सपेरिमेंट कर रही है। इस एक्सपेरिमेंट में 6 लोगों को शामिल किया गया है जो कैप्सूल में बंद हैं। इसमें शामिल अमेरिकी वैज्ञानिकों का नाम विलियम ब्राउन और एशले कोवाल्स्की है। इसके अलावा इसमें 3 रूस के नागरिक हैं जबकि एक अमीरात का नागरिक है। 


नासा के मिशन के तहत इन वैज्ञानिकों को नंवबर में कैप्सूल में भेजा गया था। अब ये सभी वैज्ञानिक जुलाई तक इसी में रहेंगे। वह बाहरी दुनिया से सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक लेटर्स के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा उनके पास और कोई माध्यम नहीं है। एक्सपेरिमेंट में शामिल एक कॉर्डिनेटर इलेक्ट्रॉनिक लेटर्स को एक सुरक्षित सर्वर पर अपोलड करता है। 


एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस एक्सपेरिमेंट में शामिल विलियम ब्राउन की जंग से पहले एक दोस्त से बात हुई थी, लेकिन यह जानकारी नहीं है कि उनको इस जंग के बारे में पता है या नहीं। उनको इस युद्ध के बारे में कोई जानकारी दी गई है या नहीं। इस बारे में नासा ने भी कुछ नहीं बताया है। नासा की तरफ से यह भी नहीं बताया गया है कि यह एक्सपेरिमेंट जारी रखेगा या बंद करने की योजना बना रहा है। 



Source link

Enable Notifications OK No thanks