Russia-Ukraine War: यूक्रेन को लेकर लियोनार्डो डिकैप्रियो क्यों हुए भावुक? कर दी 76 करोड़ रुपये की मदद


रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। रूसी सेना लगातार यूक्रेन के अलग अलग शहरों को निशाना बना रही है। युद्ध विराम को लेकर दोनों देशों के बीच बातचीत का भी कोई नतीजा नहीं निकला। इसी बीच खबर है कि ऑस्कर विनर एक्टर लियोनार्डो डिकैप्रियो यूक्रेन की मदद के लिए आगे आए हैं। डिकैप्रियो ने यूक्रेन को आर्थिक मदद मुहैया कराई है। हालांकि इस मदद के पीछे एक बड़ी वजह बताई जा रही है, जिससे अभी तक उनके फैंस अनजान थे।

यूक्रेन से है डिकैप्रियो का खास रिश्ता

लियोनार्डो डिकैप्रियो ने यूक्रेन को 10 मिलियन डॉलर्स यानी करीब 76 करोड़ रुपये दान किए हैं, इसके पीछे की एक बड़ी वजह उनकी दिवंगत नानी हैं। लियोनार्डो की नानी ओडेसा (यूक्रेन) की थीं। जिनका 2008 में निधन हो गया था। डिकैप्रियो अपनी नानी के बेहद करीब थे। ऐसे में एक्टर का ओडेसा (यूक्रेन) से भी गहरा रिश्ता है। बता दें, ओडेसा वही शहर है जहां रूस ने भयंकर तरीके से मिसाइलें दागी हैं, जेट फाइटर शहर पर लगातार बमबारी कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में डिकैप्रियो को वो वक्त याद आ गया है जो उन्होंने अपनी नानी के साथ ओडेसा में गुजारा था। 

टाइटैनिक से मशहूर हुए लियोनार्डो डिकैप्रियो

लियोनार्डो डिकैप्रियो को आप ‘टाइटैनिक’ फिल्म से जानते होंगे। इस फिल्म ने डिकैप्रियो को सुपस्टार बना दिया। उनके साथ इस फिल्म में केट विंसलेट नजर आईं थीं। टाइटैनिक के अलावा डिकैप्रियो ने ब्लड डायमंड, द एविएटर, द वुल्फ ऑफ वॉल स्ट्रीट, द रेवनेंट, इनसेप्शन समेत कई फिल्मों में काम किया है।

रूस और जर्मनी के थे लियोनार्डो के दादा-दादी 

लियोनार्डो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। उनकी मां एक लीगल सेक्रेट्री थीं और पिता एक कॉमिक्स आर्टिस्ट के अलावा डिस्ट्रीब्यूटर भी थे। लियोनार्डो एक साल के थे जब उनके माता-पिता का तलाक हो गया था। लियोनार्डो के दादा-दादी रूस और जर्मनी के थे। 





Source link

Enable Notifications OK No thanks