Sidhu Moose Wala Death Live:लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार ने ली हत्या की जिम्मेदारी, लिखा- हमने अपने भाई का बदला ले लिया


10:29 PM, 29-May-2022

मनोहर लाल ने रद्द किया कार्यक्रम

पंजाब में गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दलेर महंदी के साथ अपने कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। हरियाणा के विकास कार्यों पर दलेर मेहंदी ने गाना तैयार किया है। गुरुग्राम में होने वाले कार्यक्रम में इस गाने को लांच किया जाना था लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया है। 

10:12 PM, 29-May-2022

सिद्धू मूसेवाला की हत्या चौंकाने वाली है। शोक संतप्त परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। अपराधियों को कानून का डर नहीं रहा। पंजाब सरकार बुरी तरह से विफल रही है। पंजाब में अब कोई सुरक्षित नहीं है। – कैप्टन अमरिंदर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री, पंजाब

09:58 PM, 29-May-2022

SIT करेगी की मामले की जांच

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जांच के लिए पंजाब पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। देर रात पंजाब पुलिस के डीजीपी वीके भंवरा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि एसआईटी में पंजाब में बड़े अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। चंडीगढ़ स्थित पंजाब पुलिस मुख्यालय में डीजीपी वीके भंवरा ने पत्रकारों को बताया कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या में 9 एमएम की पिस्टल का इस्तेमाल किया गया है। हत्या में तीन हथियारों से गोलियां दागी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पुलिस जल्द से जल्द मूसेवाला की हत्या का केस सुलझा लेगी।

09:44 PM, 29-May-2022

सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद राजनीतिक दलों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर लिया

सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद राजनीतिक दलों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर ले लिया है। एक के बाद एक मान जिस तरह से सुरक्षा वापस ले रहे हैं, उससे उन पर सवाल उठने लगे हैं। शिरोमणि अकाली दल (अ) के राजिंद्र सिंह जवाहरके व कुछ कांग्रेस नेताओं ने बताया कि अगर मूसेवाला की सुरक्षा वापस न ली जाती तो वो ऐसे हमले का शिकार ना होते। 

09:44 PM, 29-May-2022

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने ली हत्या की जिम्मेदारी

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने ले ली है। लॉरेंस बिश्नोई कुख्यात बदमाश है। इस समय वह राजस्थान की अजमेर जेल में है। उसने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि ‘राम राम भाई सबको…आज जो सिद्धू मूसेवाला का कत्ल हुआ है, उसकी जिम्मेदारी मैं और मेरा भाई गोल्डी बरार लेता है। आज लोग हमें जो भी कहें लेकिन इसने हमारे भाई विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या में मदद की थी। आज हमने अपने भाई का बदला ले लिया है। 

09:38 PM, 29-May-2022

Sidhu Moose Wala Death Live:लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार ने ली हत्या की जिम्मेदारी, लिखा- हमने अपने भाई का बदला ले लिया

पंजाब के मानसा जिले में दिनदहाड़े पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को गांव जवाहरके के पास अंजाम दिया गया है। मूसेवाला की मौत से पंजाब में सनसनी फैल गई है। मूसेवाला के दो साथी घायल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पंजाब की भगवंत मान सरकार ने शनिवार को ही सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा को हटाया था।



Source link

Enable Notifications OK No thanks