ख़बर सुनें
ख़बर सुनें
कप्तान रोहित शर्मा अपने साथी विराट की खराब फॉर्म का बचाव करने में लगे हैं, लेकिन दिग्गज कपिल देव, सुनील गावस्कर और वीरेंद्र सहवाग की ओर से उठाए गए सवालों को नजरअंदाज करना बीसीसीआई और चयनकर्ताओं के लिए मुश्किल बनता जा रहा है। हालांकि, विराट कोहली को लेकर एक दिलचस्प आंकड़ा ऐसा है जो आपको हैरान कर देगा। विराट तीनें फॉर्मेट मिलाकर भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।
तीन साल पहले किसी ने यह सोचा भी नहीं था कि विराट अपनी बल्लेबाजी को लेकर सवालिया निशानों के घेरे में होंगे। तीनों प्रारूपों में उनका प्रदर्शन ही कुछ इस तरह का था। उन्होंने 2019 वर्ल्ड कप के फाइनल तक 380 मैचों की 421 पारियों में 56.31 की शानदार औसत से 20,162 रन बनाए थे।
हालांकि, 2019 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके बल्ले से कुछ खास रन नहीं निकला है, तब से उनका औसत गिर गया है। विराट ने 2019 वर्ल्ड कप के फाइनल के बाद तीनों प्रारूपों में खेले 83 मैचों में 41.92 की औसत से महज 3564 रन बनाए हैं। हालांकि, इस मामले में भी वह बेस्ट रहे हैं।
इस दौरान तीनों फॉर्मेट मिलाकर विराट से ज्यादा किसी भारतीय बल्लेबाज ने रन नहीं बनाए हैं। विराट के बाद रोहित शर्मा 70 मैचों में 3318 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, ऋषभ पंत 75 मैचों में 2593 रन बनाकर लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। 2019 वर्ल्ड कप के बाद से तीनों फॉर्मेट मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज की बात करें तो टॉप पर पाकिस्तान के बाबर आजम हैं। उन्होंने इस दौरान 82 मैचों की 90 पारियों में 55.23 की औसत से 4474 रन बनाए हैं। वहीं, इंग्लैंड के जो रूट 56 मैचों की 89 पारियों में 4124 रन बनाकर दूसरे नंबर पर हैं। विराट ओवरऑल लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।
2019 वर्ल्ड के बाद से अब तक तीनों फॉर्मेट के टॉप-5 बल्लेबाज
खिलाड़ी | पारियां | रन | औसत | 100/50 |
---|---|---|---|---|
बाबर आजम (PAK) | 90 | 4474 | 55.23 | 14/31 |
जो रूट (ENG) | 89 | 4124 | 50.91 | 12/16 |
विराट कोहली (IND) | 96 | 3564 | 41.92 | 4/28 |
रोहित शर्मा (IND) | 81 | 3318 | 43.09 | 7/17 |
स्टीव स्मिथ (AUS) | 68 | 3108 | 50.95 | 8/17 |
विराट ने नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया था। तब से लेकर अब तक 32 महीने बीत चुके हैं। हालांकि, यह जानकर आपको हैरानी होगी कि शतक नहीं लगाने के बाद भी विराट इतने समय में तीनों फॉर्मेट मिलाकर भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने पिछला शतक लगाने के बाद से अब तक वनडे, टी-20 और टेस्ट मिलाकर 68 मैचों में 79 पारियां खेली हैं और 35.47 की औसत से 2554 रन बनाए हैं।
2019 से लेकर अब तक वनडे में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर:
- 22 – शाई होप
- 21 – विराट कोहली
- 19 – बाबर आजम
- 18 – एरॉन फिंच
- 16 – रोहित शर्मा
- 16 – क्विंटन डिकॉक
- 16 – इमाम उल हक
इस लिस्ट में दूसरे नंबर के भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। उन्होंने तीनों फॉर्मेट मिलाकर 55 मैचों की 66 पारियों में 40.74 की औसत से 2526 रन बनाए हैं। इस दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज पाकिस्तान के बाबर आजम रहे हैं। उन्होंने 73 मैचों की 80 पारियों में 4065 रन बनाए हैं। दूसरे नंबर पर 3753 रन के साथ इंग्लैंड के जो रूट और तीसरे नंबर पर 2837 रन के साथ बांग्लादेश के लिटन दास रहे हैं।
खिलाड़ी | पारियां | रन | हाईएस्ट स्कोर |
औसत | 100/50 |
---|---|---|---|---|---|
बाबर आजम (PAK) | 80 | 4065 | 196 | 56.45 | 12/29 |
जो रूट (ENG) | 75 | 3753 | 228 | 56.01 | 12/12 |
लिटन दास (BAN) | 77 | 2837 | 176 | 38.33 | 7/16 |
मो. रिजवान (PAK) | 78 | 2809 | 115* | 45.30 | 3/21 |
जॉनी बेयरस्टो (ENG) | 81 | 2755 | 162 | 38.80 | 8/10 |
विराट कोहली (INDIA) | 79 | 2554 | 94* | 35.47 | 0/24 |
रोहित शर्मा (INDIA) | 66 | 2526 | 161 | 40.74 | 4/15 |
हालांकि, इस साल विराट टेस्ट में खुद को साबित करने में नाकाम रहे हैं। उनका यही प्रदर्शन उनके खिलाफ न सिर्फ चौतरफा आवाजें बुलंद कर रहा है बल्कि उन पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है। नवंबर, 2019 में उन्होंने कोलकाता में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट में अंतिम शतक लगाया था। तब से उन्होंने 18 टेस्ट की 32 पारियां खेली हैं।
जिसमें उन्होंने सिर्फ छह अर्धशतक लगाकर 27.25 की औसत से 872 रन बनाए हैं। इस शतक से पहले उन्होंने 84 टेस्ट में 54.97 की औसत से 7202 रन बनाए थे। उनके खराब प्रदर्शन के चलते उनका टेस्ट क्रिकेट में अब औसत 50 से नीचे गिरकर 49.53 पहुंच गया है। कोहली ने बीते तीन सालों में खेले 18 टेस्ट मैचों में सिर्फ एक की ही दोनों पारियों को मिलाकर 100 से ऊपर रन बनाए हैं।
वनडे में विराट कोहली रन बनाने का कोई सानी नहीं था। अगस्त 2019 में वनडे में अपना पिछला शतक लगाने से पहले विराट ने 239 मैचों में 60.31 की औसत से 11520 रन बनाए थे। उसके बाद से उन्होंने 22 वनडे में 36.68 की औसत से 807 रन ही बनाए हैं। जिससे उनका वर्तमान औसत गिरकर 57.87 पहुंच गया है। वनडे में 43 शतक लगाने वाले विराट पिछले तीन सालों में 10 अर्धशतक ही लगा सके हैं।
टी-20 एक ऐसा प्रारूप है, जहां दो प्रारूपों के मुकाबले उनका बल्ला अपेक्षाकृत ठीक चला है। दिसंबर 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ हैदराबाद में अपना टी-20 का सर्वाधिक स्कोर नाबाद 94 रन बनाने के बाद से विराट ने 26 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं। जहां उन्होंने 38.20 की औसत से 764 रन बनाए हैं। इसमें सात अर्धशतक भी शामिल हैं। 94 रन की पारी तक विराट ने 73 टी-20 खेले थे जिसमें उन्होंने 55.30 की औसत से 2544 रन बनाए थे, लेकिन अब उनका टी-20 में भी औसत गिरकर 50.12 रह गया है।
विस्तार
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों आलोचकों के निशाने पर चल रहे हैं। रन बनाने के लिए जूझ रहे विराट को टी-20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम से निकालने की मांग की जा रही है। तीन साल पहले तक विराट कोहली को पूूरी दुनिया में रन मशीन बोला जाता था, लेकिन अब स्थितियां यह बन पड़ी हैं कि उन्हें इस साल ऑस्टे्रलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप से बाहर करने की चौतरफा आवाज बुलंद होने लग पड़ी है।
Related posts:
- IND vs SA: पांच जून को राहुल के नेतृत्व में दिल्ली पहुंचेगी टीम इंडिया, नौ जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेंगे पहला मैच
- India Tour Of England: रोहित के कोरोना संक्रमित होने के बाद एक्शन में बीसीसीआई, इन खिलाड़ियों की लगाई क्लास
- IND vs ENG Analysis: रोहित-कोहली-धवन फेल, छह बल्लेबाज नहीं छू सके दहाई का आंकड़ा, जानें मैच के टर्निंग पॉइंट
- IND vs ENG: वनडे में भारत की जीत से चिढ़ा इंग्लैंड, पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने शाहीन-आमिर का राग अलापा