Box Office: ‘थॉर 4’ की कमाई में भारतीय दर्शकों ने बनाया रिकॉर्ड, 4000 करोड़ तक पहुंची दुनिया भर की कमाई


अपनी रिलीज के दिन से ही देसी फिल्मों पर भारी पड़ती रही हॉलीवुड की नई फिल्म ‘थॉर लव एंड थंडर’ की भारत में अब तक हुई कमाई ने रिकॉर्ड बना दिया है। अमेरिका में जबर्दस्त कामयाब रही इस फिल्म ने दुनिया के बाकी देशों में भी बेहतरीन कलेक्शन किया है। अमेरिका के बाहर जिन देशों में फिल्म ‘थॉर लव एंड थंडर’ ने सबसे ज्यादा कमाई की है, उनमें भारत का स्थान पांचवां हो गया है। हॉलीवुड फिल्मों का बड़ा बाजार बन रहे भारत में इन फिल्मों की हिंदी में होने वाली कमाई भी इस फिल्म ने एक नए स्तर तक पहुंचा दी है।

अब तक 93.52 करोड़

फिल्म ‘थॉर लव एंड थंडर’ को अमेरिका से एक दिन पहले भारत में रिलीज करने का डिज्नी इंडिया का फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ है। फिल्म ने बीते दिन तक भारत में सौ करोड़ रुपये से ऊपर की टिकटें बेचने में कामयाबी पाई। इस टिकट बिक्री में से फिल्म प्रदर्शन के खर्चे निकालने के बाद भी रविवार तक फिल्म की नेट कमाई 93.52 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी थी। फिल्म के इसी हफ्ते सौ करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा छू लेने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। फिल्म ‘थॉर लव एंड थंडर’ ने हिंदी में शानदार कमाई की है और इसका कलेक्शन इस साल रिलीज हुई तमाम हिंदी फिल्मों से कहीं बेहतर रहा।

देश विदेश में जबर्दस्त कमाई

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भी फिल्म ‘थॉर लव एंड थंडर’ ने धूम मचा रखी है। फिल्म का कलेक्शन सोमवार को 500 मिलियन डॉलर यानी करीब 4000 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर गया है। रविवार को फिल्म की कमाई 498 मिलियन डॉलर पहुंच चुकी थी और सोमवार को फिल्म ने अपने नाम के साथ 500 मिलियन डॉलर फिल्म का तमगा जोड़ लिया है। अमेरिका में फिल्म ‘थॉर लव एंड थंडर’ ने रविवार तक 233 मिलियन डॉलर की कमाई की थी और दूसरे देशों में फिल्म ने करीब 265 मिलियन डॉलर की कमाई इसी अवधि में की।

सबसे ज्यादा कमाई वाली दूसरी फिल्म

फिल्म ‘थॉर लव एंड थंडर’ की भारत में कमाई को लेकर इसे बनाने वालों में काफी खुशी देखी जा रही है। फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस’ के बाद भारत में इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली ये दूसरी हॉलीवुड फिल्म है। फिल्म की विदेश में कमाई के मामले में ब्रिटेन पहले नंबर पर है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं।

टॉप 10 फिल्में

भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 10 हॉलीवुड फिल्में इस प्रकार हैं:

क्रमांक फिल्म का नाम                     कमाई (करोड़ रुपये में)

1     एवेंजर्स एंडगेम (2019)                373.22

2.    एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर (2018)     227.43

3.    स्पाइडरमैन नो वे होम (2021)       218.41

4.    द जंगल बुक  (2016)                 188.00

5.    द लॉयन किंग (2019)                 158.71

6.    डॉ. स्ट्रेंज 2   (2022)                   130.00

7.    फास्ट एंड फ्यूरियस 7 (2015)       108.00

8.    जुरासिक वर्ल्ड (2015)                 101.00

9.    थॉर 4 (2022)                             93.52*

10.   फास्ट एंड फ्यूरियस 8 (2017)       86.23

(*सिनेमाघरों में प्रदर्शन जारी)



Source link

Enable Notifications OK No thanks