क्या आप जानते हैं कि ‘खतरों के खिलाड़ी 12’ के होस्ट और मशहूर स्टंट डायरेक्टर रोहित शेट्टी की मां रत्ना शेट्टी भी स्टंट वुमन रही हैं? रत्ना शेट्टी ने 70s में कई फिल्मों में स्टंट किए। वो पति एमबी शेट्टी को असिस्ट करती थीं। रोहित शेट्टी की मां ने कई फिल्मों में एक्टिंग भी की है।
रोहित शेट्टी Khatron Ke Khiladi में अकसर ही अपनी मां का जिक्र करते देखे गए हैं। ‘खतरों के खिलाड़ी 11’ के कई एपिसोड्स में Rohit Shetty को मां रत्ना के बारे में बात करते हुए देखा गया था। बता दें कि रत्ना शेट्टी ने बतौर एक्ट्रेस कई फिल्मों में काम किया। इनमें ‘दरार’, ‘बड़े घर की बेटी’ और ‘यार गद्दार’ जैसी फिल्में शामिल हैं। रत्ना शेट्टी ने कई फिल्मों में स्टंट वुमन के तौर पर भी काम किया।
पति एमबी शेट्टी की असिस्टेंट भी रहीं रत्ना शेट्टी, खूब किए स्टंट
आपको जानकर हैरानी होगी कि रत्ना शेट्टी ने 70 के दशक में कई फिल्मों में एक्ट्रेसेस की बॉडी डबल के रूप में काम किया था। रत्ना शेट्टी, एमबी शेट्टी की वाइफ थीं और वो उनकी असिस्टेंट भी थीं। रत्ना शेट्टी, उन्हीं फिल्मों में स्टंट करती थीं, जिन्हें एमबी शेट्टी कोरियोग्राफ करते थे। एमबी शेट्टी 70 और 80 के दशक में फिल्मों में विलेन बनकर खूब मशहूर हुए।
रोहित शेट्टी के पिता को देख थरथर कांपते थे दर्शक
उनकी पर्सनैलिटी ऐसी थी कि स्क्रीन पर देखते ही दर्शक भी थरथर कांप उठते थे। एमबी शेट्टी ने बॉलीवुड के अलावा कन्नड़ भाषा की भी कई फिल्मों में काम किया था। उन्होंने 700 से ज्यादा फिल्में कीं, जिनमें ‘डॉन’, ‘दीवार’, ‘त्रिशूल’ और ‘द ग्रेट गैंबलर’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
हेमा मालिनी की बॉडी डबल बनी थीं रोहित शेट्टी की मां
फिल्म ‘शोले’ में रत्ना शेट्टी एक्ट्रेस हेमा मालिनी की बॉडी डबल भी बनी थीं। एमबी शेट्टी और रत्ना शेट्टी की जोड़ी की खूब तारीफ होती थी। लेकिन 1981 में एमबी शेट्टी का निधन हो जाने के बाद रत्ना शेट्टी की मुश्किलें शुरू हो गईं।
पति की मौत के बाद जूनियर आर्टिस्ट बनीं रोहित शेट्टी की मां
परिवार को पालने के लिए रोहित शेट्टी की मां रत्ना शेट्टी को जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम करना पड़ा। उस दौरान वो कई फिल्मों में नाम मात्र के रोल में दिखीं। फिल्म ‘सीता और गीता’ में भी रत्ना शेट्टी एक छोटे से सीन में नजर आईं।
Navbharat Times News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें डाउनलोड करें NBT ऐप
Hindi News from Navbharat Times, TIL Network