Monsoon 2022 Live: महाराष्ट्र-गुजरात में बाढ़ से तबाही जारी, 11 जिलों में रेड अलर्ट, जानें आज किन राज्यों में होगी बारिश


07:45 AM, 14-Jul-2022

कर्नाटक में 32 की मौत

कर्नाटक में बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 32 लोगों की जान जा चुकी है। मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने लोगों की मदद के लिए तत्काल प्रभाव से 500 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यहां बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी राज्य के बड़े हिस्से में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। 

07:39 AM, 14-Jul-2022

महाराष्ट्र के सीएम शिंदे ने आपात सेवाओं को  अलर्ट पर रखने का निर्देश दिया

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को बारिश और बाढ़ से उत्पन्न हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी सेवाओं को अलर्ट पर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने का निर्देश दिया। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय ने बृहस्पतिवार को भारी बारिश का अनुमान जताया है।

07:38 AM, 14-Jul-2022

मुंबई के निचले इलाकों में भरा पानी 

मुंबई और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों पानी भर गया। पूरे शहर में सड़कों पर भीषण जाम के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली लोकल ट्रे के अप्रभावित रहने से लोगों को थोड़ी राहत है। हार्बर लाइन पर ट्रेनों की रफ्तार धीमी रही।

07:36 AM, 14-Jul-2022

आज इन राज्यों में होगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 14 तारीख को तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है। वहीं 14 से 17 जुलाई के बीच महाराष्ट्र के विदर्भ में वर्षा होगी। इस बीच छत्तीसगढ़, ओडिशा, कोंकण और गोवा के साथ गुजरात में भी भारी बारिश हो सकती है। गुजरात में अभी बाढ़ से निजात मिलने वाला नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि  14 जुलाई को पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। वहीं अगले तीन दिनों तक उत्तराखंड में मध्यम से भारी वर्षा के आसार हैं। 15 जुलाई को पश्चमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। 

07:28 AM, 14-Jul-2022

Monsoon 2022 Live: महाराष्ट्र-गुजरात में बाढ़ से तबाही जारी, 11 जिलों में रेड अलर्ट, जानें आज किन राज्यों में होगी बारिश

महाराष्ट्र और गुजरात में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। कई जगह भूस्खलन की घटना भी सामने आई है। मौसम विभाग ने मुंबई और पुणे समते महाराष्ट्र के 11 जिलों में 14 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल ने नवसारी के अलावा वलसाड़ और डांग जिलों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया।  राज्य में तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गोदावरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और भद्राचलम में तीसरे चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है। 



Source link

Enable Notifications OK No thanks