National Herald Case Live: राहुल से आज दूसरे दिन भी होगी ईडी की पूछताछ, दिल्ली में ये रास्ते रहेंगे बंद


08:28 AM, 14-Jun-2022

दिल्ली में इन रास्तों से जाने से बचें

दिल्ली ट्राफिक पुलिस ने कहा है कि सुबह 7 से 12 बजे के बीच मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड जाने से बचें। विशेष इंतजामों के कारण इन सड़कों पर यातायात आवाजाही नहीं हो सकेगी। इसके अलावा गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-पॉइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन से सुबह 7 से 12 बजे के बीच बचें।

08:26 AM, 14-Jun-2022

दिल्ली में ये रास्ते रहेंगे बंद

कांग्रेस समर्थकों के प्रदर्शन की वजह से आज दिल्ली में लगातार दूसरे दिन नई दिल्ली में गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक, पृथ्वीराज रोड से आगे बसों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

08:01 AM, 14-Jun-2022

सुब्रमण्यम स्वामी ने दर्ज कराया था मामला

2012 में भाजपा के नेता और देश के नामी वकील सुब्रमण्यम स्वामी ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडीस, पत्रकार सुमन दुबे और टेक्नोक्रेट सैम पित्रोदा के खिलाफ मामला दर्ज कराया। तब केंद्र में कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए की सरकार थी।  सुब्रमण्यम स्वामी ने दावा किया कि YIL ने 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति और लाभ हासिल करने के लिए “गलत” तरीके से निष्क्रिय प्रिंट मीडिया आउटलेट की संपत्ति को “अधिग्रहित” किया।

 

स्वामी ने यह भी आरोप लगाया कि YIL ने 90.25 करोड़ रुपये की वसूली के अधिकार हासिल करने के लिए सिर्फ 50 लाख रुपये का भुगतान किया था, जो AJL पर कांग्रेस पार्टी का बकाया था। यह राशि पहले अखबार शुरू करने के लिए कर्ज के रूप में दी गई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि AJL को दिया गया कर्ज “अवैध” था, क्योंकि यह पार्टी के फंड से लिया गया था।

08:00 AM, 14-Jun-2022

क्या है नेशनल हेराल्ड?

देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने 20 नवंबर 1937 को एसोसिएटेड जर्नल लिमिटेड यानी AJL का गठन किया था। इसका उद्देश्य अलग-अलग भाषाओं में समाचार पत्रों को प्रकाशित करना था। तब AJL के अंतर्गत अंग्रेजी में नेशनल हेराल्ड, हिंदी में नवजीवन और उर्दू में कौमी आवाज समाचार पत्र प्रकाशित हुए।  भले ही AJL के गठन में पं. जवाहर लाल नेहरू की भूमिका थी, लेकिन इसपर मालिकाना हक कभी भी उनका नहीं रहा। क्योंकि, इस कंपनी को 5000 स्वतंत्रता सेनानी सपोर्ट कर रहे थे और वही इसके शेयर होल्डर भी थे। 90 के दशक में ये अखबार घाटे में आने लगे। साल 2008 तक AJL पर 90 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज चढ़ गया। तब AJL ने फैसला किया कि अब समाचार पत्रों का प्रकाशन नहीं किया जाएगा। अखबारों का प्रकाशन बंद करने के बाद AJL प्रॉपर्टी बिजनेस में उतरी।

तो विवाद कहां से शुरू हुआ? 

2010 में AJL के 1057 शेयरधारक थे। घाटा होने पर इसकी होल्डिंग यंग इंडिया लिमिटेड यानी YIL को ट्रांसफर कर दी गई। यंग इंडिया लिमिटेड की स्थापना उसी वर्ष यानी 2010 में हुई थी। इसमें तत्कालीन कांग्रेस पार्टी के महासचिव राहुल गांधी डायरेक्टर के रूप में शामिल हुए। कंपनी में 76 प्रतिशत हिस्सेदारी राहुल गांधी और उनकी मां सोनिया गांधी के पास रखी गई। शेष 24 फीसदी कांग्रेस नेताओं मोतीलाल वोरा और ऑस्कर फर्नांडीस (दोनों का निधन हो चुका है) के पास थी। 

शेयर ट्रांसफर होते ही AJL के शेयर होल्डर्स सामने आ गए। पूर्व कानून मंत्री शांति भूषण, इलाहाबाद व मद्रास उच्च न्यायालयों के पूर्व मुख्य न्यायाधीश मार्कंडेय काटजू सहित कई शेयरधारकों ने आरोप लगाया कि जब YIL ने AJL का ‘अधिग्रहण’ किया था तब उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया था। यही नहीं, शेयर ट्रांसफर करने से पहले शेयर होल्डर्स से सहमति भी नहीं ली गई। बता दें कि शांति भूषण और मार्कंडेय काटजू के पिता के नाम पर AJL में शेयर था। 

07:39 AM, 14-Jun-2022

कांग्रेस के सभी सांसद सुबह नौ बजे पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे

राहुल गांधी को समर्थन देने के लिए पार्टी के सभी सांसद सुबह नौ बजे कांग्रेस मुख्याालय पहुंचेंगे। 

07:25 AM, 14-Jun-2022

National Herald Case Live: राहुल से आज दूसरे दिन भी होगी ईडी की पूछताछ, दिल्ली में ये रास्ते रहेंगे बंद

नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से आज लगातार दूसरे दिन भी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की पूछताछ होगी। राहुल से सोमवार को करीब 10 घंटे की पूछताछ हुई। वह रात 11.10 बजे ईडी दफ्तर से घर के लिए रवाना हुए। इस दौरान ईडी दफ्तर के बाहर कांग्रेसियों की भीड़ लगी रही। सोमवार को राहुल से पहले सुबह पहले राउंड में तीन घंटे तक ईडी ने सवाल पूछे। इसके बाद लंच ब्रेक के दौरान राहुल सोनिया गांधी से मिलने अस्पताल पहुंचे। यहां से एक फिर वे ईडी दफ्तर पहुंचे, जहां उनसे दूसरे दौर की पूछताछ हुई। 



Source link

Enable Notifications OK No thanks