शिव-साधना: पहली नजर में दिल दे बैठे थे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री, वैवाहिक जीवन के 30 साल पूरे किए  


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को अपनी शादी की 30वीं सालगिरह मनाई। उनकी पत्नी साधना सिंह ने दो तस्वीरें साझा की। एक शादी की। दूसरी, दो महीने पहले आदिवासियों के भगोरिया पर्व के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में। शिवराज को पूरा मध्य प्रदेश मामा के तौर पर जानता है। पर उनका एक अलग ही पहलू है, उनकी लव स्टोरी। पहली नजर में ही शिवराज ने साधना सिंह को अपना दिल दे दिया था।

शिवराज सिंह चौहान कम उम्र में ही संघ से जुड़ गए थे। लिहाजा, शादी करने के बजाय समाज में योगदान देना चाहते थे। बहन के दबाव में साधना से मिलने गए और दिल दे बैठे। छिप-छिपकर मिलने का सिलसिला भी चला। लव लेटर भी लिखे गए। शिवराज खुद स्वीकार कर चुके हैं कि प्यार का इजहार उन्होंने एक चिट्ठी में ही किया था। घर वालों की सहमति से 5 मई 1992 को शिवराज और साधना का विवाह हुआ था। 

 

शिवराज ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की है। इसमें साधना सिंह उन्हें टीका लगा रही है। शिवराज ने लिखा कि हमारी संस्कृति में विवाह पवित्र संस्कार है, आत्माओं का मिलन। गृहस्थ आश्रम में रहकर हम समाज और प्रदेश की बेहतरी के लिए लगातार 30 साल से काम कर रहे हैं। आप सबकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद!

शिवराज सिंह चौहान लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक त्योहारों पर साधना सिंह के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। फिर चाहे मौका होली का हो, गुड़ीपडवा का, महाशिवरात्रि का या करवा चौथ का। लंबे अरसे से दोनों हरसंभव अवसर पर अपनी तस्वीरें साझा करते हैं।  

जब भी मामला सामाजिकता से जुड़ा हो, शिवराज अपनी पत्नी के साथ जरूर सामने आते हैं। फोटो खिंचवाते हैं। सोशल मीडिया पर पोस्ट भी करते हैं। इसमें साधना सिंह भी पीछे नहीं हैं। वह खुद भी कई बार सेल्फी लेकर पोस्ट करती रही हैं।  



Source link

Enable Notifications OK No thanks