Thor 4 Day 3 BO Collection: थॉर 4 के कलेक्शन में शनिवार को 40 फीसदी उछाल, वीकएंड कमाई की ये हैं टॉप 10 फिल्में


मार्वल स्टूडियोज की नई फिल्म ‘थॉर: लव एंड थंडर’ ने शुक्रवार की सुस्ती के बाद शनिवार को फिर उछाल मारी है। रिलीज के पहले दिन देश में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्मों में ओपनिंग के मामले में पांचवें नंबर पर रही फिल्म ‘थॉर: लव एंड थंडर’ का कलेक्शन शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को करीब 40 फीसदी ज्यादा रहा और इसके रविवार को अभी और बढ़ने की उम्मीद दिख रही है। फिल्म का पहले वीकएंड में ही 50 करोड़ रुपये की कमाई पार कर लेना तय दिख रहा है और अपनी ओपनिंग की तरह ही पहले वीकएंड की कमाई में भी फिल्म ‘थॉर: लव एंड थंडर’ देश में अब तक रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्मों की सूची में पांचवें नंबर पर आसानी से जगह बना लेगी। ऐसा होते ही देश में पहले वीकएंड पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली पांचों फिल्में मार्वल स्टूडियोज की ही हो जाएंगी।

टिकट खिड़की पर शानदार ओपनिंग

फिल्म ‘थॉर: लव एंड थंडर’ अमेरिका से एक दिन पहले भारत में 7 जुलाई को रिलीज हुई और रिलीज के पहले दिन ही इसने 18.60 करोड़ रुपये की शानदार कमाई करके हॉलीवुड की टॉप ओपनिंग फिल्म्स में पांचवें स्थान पर कब्जा जमा लिया। फिल्म ने पहले दिन अंग्रेजी में 11.75 करोड़ रुपये, हिंदी में 5.5 करोड़ रुपये, तमिल में 60 लाख रुपये और तेलुगू में 75 लाख रुपये की कमाई की। दूसरे दिन फिल्म का कलेक्शन 11.55 करोड़ रुपये रहा और इस दिन फिल्म ने अंग्रेजी में आठ करोड़ रुपये, हिंदी में तीन करोड़ रुपये, तमिल में 25 लाख रुपये और तेलुगू में 30 लाख रुपये की कमाई की।

शनिवार को 40 फीसदी उछाल

शनिवार को तमाम दफ्तरों में छुट्टी का दिन होने के चलते फिल्म ‘थॉर: लव एंड थंडर’ ने बीते दिन के मुकाबले करीब 40 फीसदी का उछाल बॉक्स ऑफिस की कमाई में दर्ज किया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ‘थॉर: लव एंड थंडर’ शनिवार को करीब 16 करोड़ रुपये का कारोबार करती दिख रही है। फिल्म के अंतिम आंकड़े रविवार की दोपहर तक आने की उम्मीद है और तभी ये साफ हो सकेगा कि फिल्म ने भाषावार संस्करणों में अलग अलग कितनी कमाई की है। इसी के साथ फिल्म की पहले तीन दिनों की कमाई अब तक करीब 46.15 करोड़ रुपये होती दिख रही है।

रविवार की कमाई पर सबकी नजर

फिल्म ‘थॉर: लव एंड थंडर’ की रविवार की कमाई 20 करोड़ रुपये के आसपास रहने की उम्मीद की जा रही है और इसके साथ ही फिल्म देश में अब तक रिलीज हुई सारी हॉलीवुड फिल्मों मे पहले वीकएंड की कमाई की लिस्ट में पांचवें स्थान पर अपना नाम दर्ज करा लेगी। इस स्थान पर अभी तक डिज्नी की फिल्म ‘द लॉयन किंग’ है जिसने साल 2019 में रिलीज के समय पहले वीकएंड में 54.75 करोड़ रुपये की कमाई की। कमाई का ये आंकड़ा फिल्म ‘थॉर: लव एंड थंडर’ रविवार को आसानी से पार कर जाएगी।

पहले वीकएंड की टॉप 10 फिल्में

भारत में रिलीज हुई हॉलीवुड फिल्मों की पहले वीकएंड की कमाई के हिसाब से टॉप 10 फिल्मों की सूची इस प्रकार है:

फिल्म                                                      पहले वीकएंड की कमाई

                                                               (करोड़ रुपये में)

एवेंजर्स एंडगेम (2019)                                  157.20

स्पाइडरमैन नो वे होम (2021)                         108.37

एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर (2018)                        94.30

डॉ. स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस (2022)   79.50

द लॉयन किंग (2019)                                     54.75

स्पाइडरमैन फार फ्रॉम होम (2019)                  46.66

फास्ट एंड फ्यूरियस हॉब्स एंड शॉ (2019)          42.90

फास्ट एंड फ्यूरियस 8 (2017)                         41.63

कैप्टन मार्वल (2019)                                      40.71

जंगल बुक (2016)                                        40.47



Source link

Enable Notifications OK No thanks