राज कपूर की होली पार्टी का अनदेखा वीडियो, नीतू कपूर की गोद में दिख रहे रणबीर और रिद्ध‍िमा


एक समय पर बॉलिवुड में जब होली की धूम की बात होती थी तो कपूर परिवार खासतौर पर राज कपूर की होली पार्टी को जरूर याद किया जाता था। राज कपूर (Raj Kapoor) की यह होली पार्टी इतनी बड़ी होती थी कि इसमें कपूर परिवार के अलावा बॉलिवुड की ज्यादातर बड़ी हस्तियां शामिल हुआ करती थीं। भले ही अब यह पार्टी नहीं होती लेकिन आज भी इसे फिल्म इंडस्ट्री में याद किया जाता है। अब नीतू कपूर (Neetu Kapoor) ने इस होली पार्टी का एक अनदेखा वीडियो फुटेज (Raj Kapoor Holi Video) सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

नीतू कपूर ने इस अनदेखे वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘जब हम लोग कंप्लीट थे, जब प्यार की गर्मी थी। हैपी होली।’ इस वीडियो में राज कपूर अपने परिवार के साथ होली की मस्ती करते नजर आ रहे हैं। राज कपूर के अलावा फुटेज में कृष्णा राज कपूर, शम्मी कपूर, उनकी पत्नी नीला देवी, ऋषि कपूर और नीतू कपूर की गोदी में रणबीर और रिद्धिमा नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में राज कपूर डांस करते भी नजर आ रहे हैं। देखें, यह फुटेज:


इस वीडियो का वॉइस ओवर भी राज कपूर ने किया है। बता दें कि राज कपूर के 1988 में निधन के बाद यह होली पार्टी बंद हो गई। अब राज के बाद शम्मी कपूर, ऋषि कपूर, राजीव कपूर, शशि कपूर का भी निधन हो गया है। हालांकि कपूर परिवार अभी भी इस होली को याद करता है। करिश्मा कपूर ने भी होली के मौके पर एक पुरानी तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में वह अपने पिता रणधीर कपूर और मां बबीता के साथ नजर आ रही हैं।


नीतू कपूर की बात करें तो वह ऋषि कपूर के निधन के बाद एक बार फिर फिल्मों में वापसी करने जा रही हैं। जल्द ही नीतू फिल्म ‘जुग जुग जियो’ में अनिल कपूर, वरुण धवन और कियारा आडवाणी के साथ नजर आएंगी। शादी के बाद यह पहला मौका होगा जबकि नीतू अपने पति ऋषि कपूर के बजाय किसी अन्य ऐक्टर के ऑपोजिट नजर आएंगी। यह फिल्म इसी साल रिलीज होगी।



image Source

Enable Notifications OK No thanks