UP MLC Election Result: अपने-अपने गढ़ में हारी सपा और भाजपा, प्रतापगढ़ में राजा भैया का जलवा बरकरार


स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद की 36 सीटों के चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। भाजपा के खाते में 36 में से 33 सीटें आई हैं। समाजवादी पार्टी चुनाव में मुकाबले में ही नहीं दिखी। सपा को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली है। मंगलवार को 27 सीटों पर नतीजे आने थे, इनमें से 24 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है। आजमगढ़ में निर्दलीय विक्रांत सिंह, प्रतापगढ़ से निर्दलीय अक्षय प्रताप सिंह और वाराणसी से निर्दलीय अन्नपूर्णा सिंह चुनाव जीती हैं। भाजपा को विधान परिषद में पूर्ण बहुमत मिला है। विधान परिषद की 9 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के गढ़ में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, सपा को भी अपने गढ़ में करारी हार मिली है। जबकि प्रतापगढ़ में राजा भैया का जलवा बरकरार है। 

सपा-भाजपा को पटखनी देकर निर्दल विक्रांत सिंह रिशु ने मारी बाजी

आजमगढ़ जनपद में एमएलसी चुनाव की मतगणना का कार्य पूरा हो गया है। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरूण कांत यादव को हराकर जीत दर्ज की है। उनकी जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर है। जनपद में एमएलसी चुनाव को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लग गया। मंगलवार को एफसीआई गोदाम में सुबह आठ बजे मतगणना का कार्य शुरू हुआ। तीन घंटे में ही मतणना का कार्य पूरा कर लिया गया। मतगणना में निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु ने भाजपा के अरुण कांत यादव को पटखनी देकर इस सीट पर कब्जा जमाया। मतगणना में विक्रांत सिंह रिशु 4075 मत प्राप्त हुए। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के अरूण कांत यादव को 1262 और सपा के राकेश यादव को 356 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार विक्रांत सिंह रिशु 2813 मतों से विजयी घोषित किए गए।

 

अक्षय प्रताप सिंह पांचवी बार एमएलसी बने

प्रतापगढ़ में राजा भइया का जलवा कायम है। अक्षय प्रताप सिंह 5वीं बार एमएलसी बने हैं। अक्षय प्रताप सिंह 1106 मतों से विजयी हुए हैं। उन्हें कुल 1720 मत मिले। भाजपा के हरी प्रताप सिंह को 614 वोट प्राप्त हुए। सपा के विजय बहादुर यादव 380 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। इनवैलिड मतों की संख्या 62 रही, वहीं जनसत्ता दल के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश नाथ ओझा 14 को वोट मिले। इनके अलावा अक्षय प्रताप सिंह की पत्नी मधुरिमा सिंह को 5 मत मिले।



Source link

Enable Notifications OK No thanks