World UFO Day: कब, क्यों और कैसे मनाया जाता है Aliens का दिन! जानें पूरा इतिहास


आपने अक्सर UFO के बारे में सुना और पढ़ा होगा। यूएफओ यानि कि अंग्रेजी में- ‘Unidentified Flying Objects’ या ‘अनजानी उड़ती वस्तुओं’ के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यूएफओ को एलियंस से जोड़कर देखा जाता है। इस विषय पर पुराने समय से ही फिल्में भी बनती आ रही हैं लेकिन अभी तक इनकी सच्चाई से कोई भी पर्दा नहीं उठा पाया है। 

आज का दिन ऐसी ही अनजानी उड़न वस्तुओं के लिए समर्पित किया गया है। हर साल 2 जुलाई को ‘वर्ल्ड यूएफओ डे’ (World UFO Day) मनाया जाता है। यह दिन उन लोगों के लिए खासतौर पर मनाया जाता है जो मानते हैं कि हमारी धरती के अलावा भी दुनिया में कोई और प्रजाति है जो मौजूद है, या फिर सीधे शब्दों में कहें तो, जो लोग मानते हैं कि एलियंस होते हैं, और अपने स्पेस क्राफ्ट में धरती पर चक्कर लगाने आते हैं। इस दिन लोग आकाश में अनजानी उड़ती चीजों को साथ मिलकर ढूंढने की कोशिश करते हैं। 

इससे पहले World UFO Day के लिए 2 तारीखें थीं। यह 2 जुलाई और 24 जून को मनाया जाता था। लेकिन वर्ल्ड यूएफओ डे ऑर्गेनाइजेशन (WUFODO) ने इसके लिए 2 जुलाई की तारीख निर्धारित कर दी। तब से यह हर साल 2 जुलाई को ही मनाया जाता है। 

विमान चालक केनेथ आर्नोल्ड के अनुसार, 1900 की शुरुआत में वाशिंगटन के आसमान पर 24 जून को 9 ऐसी अनजानी उड़ती वस्तुएं देखी गई थीं जिनके बारे में कोई पता नहीं लगा पाया था। उस वक्त उन्हें एक प्लेट के आकार में देखा गया था। उसके बाद से ही एलियंस के स्पेस क्राफ्ट उसी तरह की प्लेट के आकार में दर्शाए जाते हैं। और तभी से इस दिन को यूएफओ के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए मनाया जाता है। 

इस दिन को इस आशा से भी मनाया जाता है कि दुनियाभर में देशों की सरकारें यूएफओ के बारे में और अधिक पता लगाने के लिए प्रयास करें। अमेरिकी सरकार के पास भी कथित तौर पर ऐसी जानकारी उपलब्ध है जो यूएफओ से जुड़ी है, जिसे मिलिट्री विभाग की मदद से जुटाया गया है। इसलिए यह एक ऐसा दिन बन जाता है जब एलियंस को मानने वाले और न मानने वाले लोग एक साथ आते हैं और अपने अपने विचार इनके बारे में व्यक्त करते हैं, ताकि इनके वजूद को और गहराई से खंगाला जा सके। इस दिन लोग इकट्ठा होकर खुले आसमान में अनजानी उड़न वस्तुओं को खोजते हैं। इसके अलावा यूएफओ से जुड़ी फिल्में आदि भी साथ मिलकर देखते हैं। 
 

लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।

संबंधित ख़बरें

Source link

Enable Notifications OK No thanks