आईपीएल: मुंबई इंडियंस को दोहरा झटका, पहले दिल्ली से मैच हारे फिर रोहित शर्मा पर लगा लाखों रुपये का जुर्माना


स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: रोहित राज
Updated Sun, 27 Mar 2022 10:13 PM IST

सार

मुंबई ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 177 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम ने 18.2 ओवर में छह विकेट पर 179 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

रोहित शर्मा

रोहित शर्मा
– फोटो : आईपीएल

ख़बर सुनें

विस्तार

आईपीएल के दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को रोमांचक मैच में चार विकेट से हरा दिया। इस हार के बाद मुंबई की टीम की एक और झटका लगा। धीमी ओवर गति के कारण कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। मुंबई ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 177 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम ने 18.2 ओवर में छह विकेट पर 179 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

आईपीएल ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा, “मुंबई इंडियंस पर 27 मार्च को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल 2022 मैच के दौरान धीमी ओवर गति बनाए रखने के बाद जुर्माना लगाया गया है। यह न्यूनतम ओवर रेट अपराधों से संबंधित आईपीएल की आचार संहिता के तहत सीजन का पहला अपराध है। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।”

मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। रोहित शर्मा और ईशान किशन ने शानदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.2 ओवरों में 67 रनों की साझेदारी की। रोहित शर्मा 32 गेंद पर 41 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद ईशान किशन को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक नहीं टिक सका। अनमोलप्रीत सिंह आठ, तिलक वर्मा 22, कीरोन पोलार्ड तीन और टिम डेविड 12 रन बनाकर आउट हुए। ईशान किशन ने 48 गेंद पर नाबाद 81 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और दो छक्के लगाए।

दिल्ली कैपिटल्स की पारी की बात करें तो टिम साइफर्ट और पृथ्वी शॉ ने पहले विकेट के लिए 3.3 ओवर में 30 रन जोड़े। साइफर्ट 14 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद मंदीप सिंह खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। ऋषभ पंत एक रन और रोवमन पॉवेल खाता खोले बगैर आउट हुए। शार्दुल ठाकुर ने 22 रन बनाए। ललित यादव और अक्षर पटेल ने 75 रनों की साझेदारी की। ललित 38 गेंद पर 48 और अक्षर 17 गेंद पर 38 रन बनाकर नाबाद रहे।



Source link

Enable Notifications OK No thanks