IPL Auction Highlights: दो दिनों में 67 विदेशी समेत कुल 204 खिलाड़ी बिके, 10 फ्रेंचाइजियों ने करीब 551 करोड़ खर्च किए


स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, बेंगलुरु
Published by: स्वप्निल शशांक
Updated Mon, 14 Feb 2022 12:03 AM IST

सार

ईशान ऑक्शन इतिहास के दूसरे सबसे महंगे भारतीय भी हैं। इससे पहले युवराज सिंह को दिल्ली ने 2015 में 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। दूसरे दिन के ऑक्शन में सबसे महंगे लियाम लिविंगस्टन रहे। उन्हें पंजाब किंग्स ने 11.50 करोड़ में अपनी टीम से जोड़ा। वह इस नीलामी के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी भी रहे। दूसरे दिन के ऑक्शन में वो एकमात्र खिलाड़ी थे जिनकी बोली 10 करोड़ से ऊपर गई।

आईपीएल ऑक्शन लाइव 2022

आईपीएल ऑक्शन लाइव 2022
– फोटो : अमर उजाला

ख़बर सुनें

विस्तार

आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन खत्म हो चुका है। शनिवार और रविवार को हुई नीलामी में कुल 204 खिलाड़ियों पर बोली लगी। इनमें भारत के अलावा 14 देशों के 67 खिलाड़ी शामिल हैं। 10 फ्रेंचाइजियों ने दो दिन मिलाकर खिलाड़ियों को खरीदने के लिए करीब 551 करोड़ रुपये खर्च किए। इस बार की नीलामी में सबसे महंगे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन बिके। उन्हें 15.25 करोड़ में मुंबई इंडियंस ने खरीदा। वहीं, दूसरे स्थान पर दीपक चाहर रहे। उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ रुपये में खरीदा।

नीलामी में ईशान-चाहर की चांदी, यहां क्लिक कर जानें सभी टीमों का हाल

अंडर-19 स्टार्स भी बिके

दो दिन तक चले इस ऑक्शन में अनकैप्ड प्लेयर्स पर भी जमकर धन वर्षा हुई। ऑलराउंडर शाहरुख खान को पंजाब किंग्स और राहुल तेवतिया को गुजरात टाइटंस ने नौ-नौ करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं, अंडर-19 के स्टार्स राज बावा, राजवर्धन हंगरगेकर, यश ढुल और विक्की ओस्तवाल भी नीलामी में अच्छी कीमतों पर बिके। विक्की ओस्तवाल को दूसरी बार में 20 लाख रुपये में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा। वह यश के साथ खेलते नजर आएंगे।

Chennai Super Kings: जानें धोनी की टीम में अब कौन-कौन धुरंधर? 

Mumbai Indians: ऐसी होगी रोहित की टीम, यहां क्लिक कर जानें

इन दिग्गजों पर नहीं लगी बोली

सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को 30 लाख में मुंबई ने खरीदा। पिछले सीजन में भी उनको इसी टीम ने 20 लाख रुपये में खरीदा था। ऑक्शन के दूसरे दिन जब दोबारा पुराने खिलाड़ियों पर बोली लगी, तो कई दिग्गज नहीं बिके। ऑस्ट्रेलिया को टी-20 वर्ल्ड कप दिलाने जीताने वाले एरोन फिंच, इंग्लैंड के वनडे और टी-20 टीम के कप्तान ओएन मॉर्गन दोनों को कोई खरीदार नहीं मिला और वो अनसोल्ड रहे। वहीं, सुरेश रैना भी नहीं बिके। चेतेश्वर पुजारा को भी कोई खरीदार नहीं मिला।

RCB: यहां क्लिक कर देखें कैसी हो सकती है आरसीबी की प्लेइंग-11

Lucknow Super Giants: यहां क्लिक कर जानें कैसी है यह टीम?

ऑक्शन की अहम बातें-

 

  • जोफ्रा आर्चर को मुंबई ने खरीदा: इंग्लैंड के बेहतरीन तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को मुंबई इंडियंस ने आठ करोड़ रुपये में खरीदा। मुंबई में अब मौजूदा समय के दो बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और आर्चर एक साथ खेलते दिखाई देंगे। हालांकि आर्चर इस सीजन में इंजरी के चलते नहीं खेलेंगे, लेकिन 2023 और 2024 के सीजन के लिए मौजूद रहेंगे।
  • गौतम की वैल्यू 10 गुना कम हुई: इस बार के ऑक्शन में सबसे चौंकाने वाला फैसला कृष्णप्पा गौतम को लेकर रहा। 50 लाख के बेस प्राइस वाले कृष्णप्पा गौतम को 90 लाख में लखनऊ सुपरजाएंट्स ने खरीदा। आईपीएल 2021 के लिए नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने कृष्णप्पा गौतम को 9.25 करोड़ में खरीदा था। उनके वैल्यू में 10 गुना की कमी हुई है।
  • सीजन के सबसे महंगे विदेशी: आईपीएल की मेगा बोली में भारत ही नहीं दुनिया भर के क्रिकेटर मालामाल हो गए हैं।  रविवार को इंग्लैंड के बल्लेबाज लियम लिविंगस्टोन को पंजाब किंग्स ने 11.50 करोड़ रुपये में खरीद लिया। वह सीजन के सबसे महंगे विदेशी हो गए। 
  • सिंगापुर के टिम पर मुंबई ने लगाया 8.25 करोड़ का दांव: सिंगापुर के टिम डेविड ने तो इतिहास ही रच दिया। वह एसोसिएट देशों के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। मुंबई इंडियंस ने उन्हें 8.25 करोड़ रुपये में खरीदा। पहले वह महज 20 लाख रुपये में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में थे।
  • अंडर-19 चैंपियन भी करोड़पति : हाल ही में भारत को अंडर-19 विश्व चैंपियन बनाने वाले चंडीगढ़ के क्रिकेटर राज अंगद बावा (दो करोड़, पंजाब किंग्स), राजवर्धन हंगरगेकर (1.5 करोड़, सीएसके) भी करोड़पति हो गए। हालांकि यश ढुल पर दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपये ही लगाए।
  • नहीं बिके रैना और पुजारा: मिस्टर आईपीएल के नाम से मशहूर सुरेश रैना आईपीएल के इतिहास में पहली बार बिना बिके ही रह गए। उन्होंने अपना बेस प्राइस दो करोड़ रखा था। 2020 में रैना ने निजी कारणों से हिस्सा नहीं लिया था। उन्होंने इस लीग में 5 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं और शीर्ष चार स्कोरर में शामिल हैं। टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा पर भी बोली नहीं लगी। 
  • ईशान दूसरे सबसे महंगे भारतीय: झारखंड के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ रुपये की राशि में खरीदकर फिर से अपनी टीम में शामिल कर लिया। वह युवराज (16 करोड़) के बाद ऑक्शन में बिकने वाले दूसरे सबसे महंगे भारतीय हैं।
  • दीपक की घर वापसी: आगरा के दीपक चाहर को चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ रुपये की राशि में खरीदकर मालामाल कर दिया। 
  • श्रीलंका के हसरंगा की लगी लॉटरी: श्रीलंका के ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा विदेशी खिलाड़ियों में दूसरे सबसे महंगे रहे। उन्होंने 10.75 करोड़ में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने खरीदा।
  • इनकी घट गई कीमत: ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस (केकेआर) 15.50 करोड़ से 7.25 करोड़ में आ गए। मनीष पांडे पहले हैदराबाद में 11 करोड़ के थे अब लखनऊ ने 4.60 करोड़ में खरीदा। डेविड वार्नर 12.50 करोड़ रुपये में हैदराबाद में थे, अब 6.25 करोड़ में दिल्ली ने खरीदा। कुलदीप यादव पहले 5.8 करोड़ में केकेआर में थे जिन्हें अब दो करोड़ रुपये में दिल्ली ने खरीदा है।
  • तीन सबसे महंगे देसी खिलाड़ी: ईशान किशन (15.25 करोड़, मुंबई इंडियंस), दीपक चाहर (14 करोड़ चेन्नई सुपरकिंग्स), श्रेयस अय्यर (12.25 करोड़, केकेआर)
  • चार सबसे महंगे विदेशी: लियाम लिविंगस्टोन (11.50), वानिंदु हसरंगा (10.75 करोड़ आरसीबी), निकोलस पूरन (10.75 करोड़, हैदराबाद), लोकी फर्ग्युसन (10 करोड़ गुजरात टाइटंस)
  • पिछला मेगा ऑक्शन कब हुआ: इससे पहले मेगा ऑक्शन 2018 में हुआ था, क्योंकि चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम दो साल का बैन झेलने के बाद लीग में वापस आई थी। 2018 में 182 स्लॉट के लिए आठ टीमों ने बोली लगाई थी। तब 13 देशों के 578 खिलाड़ी नीलामी में उतरे थे।
  • 2018 से ज्यादा खिलाड़ी बिके: 2018 मेगा ऑक्शन में 578 खिलाड़ियों में से केवल 169 खिलाड़ी ही बिके थे। उनमें 113 भारतीय और 56 विदेशी खिलाड़ी थे। 2018 मेगा ऑक्शन में इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। उन्हें राजस्थान ने 12.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। वहीं, इस बार कुल 204 खिलाड़ी बिके। इसमें 67 विदेशी और 137 भारतीय खिलाड़ी रहे।
  • कितने खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था: इस बार कुल 19 देशों के 1214 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से 15 देशों के 590 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, बाद में 10 और खिलाड़ियों को जोड़ा गया। इसमें 377 भारतीय और 223 विदेशी खिलाड़ी थे।
  • 217 स्लॉट खाली थे: 2022 के लिए सभी टीमों के पर्स में कुल 90 करोड़ रुपये दिए गए थे, जो रिटेन खिलाड़ियों की कीमत के मुताबिक कटते गए। 10 टीमों के पास कुल मिलाकर 217 खिलाड़ियों के लिए जगह खाली थीं, लेकिन 204 खिलाड़ी बिके। यह आईपीएल का 15वां संस्करण है और इस बार 10 टीमों के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिलेगी।

Delhi Capitals: यहां क्लिक कर जानिए आईपीएल-15 में कैसी है दिल्ली की टीम?



Source link

Enable Notifications OK No thanks