Russia-Ukraine War LIVE: रूस से युद्ध के बीच यूक्रेन को अमेरिका से मिलेगी 2600 करोड़ की सैन्य मदद, जेलेंस्की ने ठुकराया देश छोड़ने का प्रस्ताव


11:11 AM, 26-Feb-2022

यूक्रेन संकट: रोमानिया के बुकारेस्ट पहुंचा एयर इंडिया का विमान

रूस की ओर से यूक्रेन पर जारी हमलों के बीच भारत ने अपने नागरिकों को निकालने की कोशिश तेज कर दी है। एयर इंडिया का एक रेस्क्यू विमान शनिवार सुबह ही रोमानिया के बुकारेस्ट पहुंच गया। यह विमान रूस की सीमा तक पहुंचने वाले भारतीयों को लेकर वापस आएगा। 

11:00 AM, 26-Feb-2022

यूक्रेन संकट: भारतीय दूतावास की अपील- बिना बताए सीमाई इलाकों पर न जाएं

यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद वहां फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के प्रयासों के बीच यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने नागरिकों से उसके अधिकारियों के साथ समन्वय के बिना सीमा चौकियों पर नहीं जाने को कहा है। भारतीय दूतावास ने कहा, ‘‘सीमा जांच चौकियों पर स्थिति संवेदनशील है। भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए हम पड़ोसी देशों में हमारे दूतावासों के साथ काम कर रहे हैं।’’ उसने कहा,‘‘ हमारे लिए उन भारतीयों को निकालना मुश्किल हो रहा है जो बिना सूचना दिए सीमा जांच चौकियों पर पहुंच गए हैं। जो भारतीय नागरिक पूर्वी क्षेत्र में हैं, उनसे अगले निर्देश तक अपने निवास स्थान पर रहने का अनुरोध किया जाता है।’’ दूतावास ने भारतीय नागरिकों से कहा कि वे अनावश्यक गतिविधि से बचे, सावधानी बरतें, अपने आसपास की घटनाओं और हाल के घटनाक्रम को लेकर चौकन्ना रहें।

 

10:47 AM, 26-Feb-2022

यूक्रेन ने मार गिराए रूस के दो सैन्य परिवहन विमान

रूस के दूसरे इल्युशीन 1आई-76 सैन्य परिवहन विमान को बिला सेरकवा के निकट मार गिराया गया। यह स्थान राजधानी कीव से 85 किलोमीटर दक्षिण में है। यूक्रेन में जमीनी हकीकत पर निगाह रखने वाले दो अमेरिकी अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को यूक्रेन की सेना ने कहा था कि उसने रूस के सैन्य परिवहन विमान को मार गिराया है। सेना के जनरल स्टॉफ की ओर से जारी बयान के अनुसार पहले 1आई-76 भारी परिवहन विमान को कीव के दक्षिण में स्थित शहर वासेकीव के निकट मार गिराया गया। रूस की सेना ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है और खबर की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।

10:41 AM, 26-Feb-2022

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने ठुकराया यूक्रेन छोड़ने का प्रस्ताव

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को अमेरिकी सरकार ने राजधानी कीव से निकलने को कहा था, लेकिन जेलेंस्की ने इससे इनकार कर दिया। अमेरिका के खुफिया विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा,‘‘ यहां युद्ध चल रहा है। मुझे गोला बारूद चाहिए, यात्रा नहीं।’’ इसे लेकर अमेरिकी अधिकारी ने जेलेंस्की को जोशीला व्यक्ति बताया। जानें वीडियो जारी कर जेलेंस्की क्या बोले…

10:11 AM, 26-Feb-2022

रूस की ओर से यूक्रेन पर हमला किए जाने के बाद यूरोपीय देशों के संघ- ईयू ने रूस पर सख्त प्रतिबंध लगाने का एलान किया है। अब इन प्रतिबंधों में अमेरिका ने भी ईयू का साथ दिया है। बताया गया है कि अमेरिका समेत अब तक कुल 30 देश रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके उच्चाधिकारियों के खिलाफ प्रतिबंध लगाने आगे आ चुके हैं। इन प्रतिबंधों से रूस को आगे आर्थिक और कूटनीतिक तौर पर बड़ा नुकसान होने की संभावना है। यहां पढ़ें पुतिन और उनके साथियों के लिए कैसे मुश्किल खड़ी करेंगे नए प्रतिबंध…

09:57 AM, 26-Feb-2022

यूक्रेन की सांसद ने उठाई बंदूक, कहा- जंग के लिए तैयार

रूसी सेना को कीव की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए यूक्रेन की सांसद कीरा रुडिक ने बंदूक उठा ली है। उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, “मैंने कलाशनिकोव चलाना सीख लिया है और हथियार उठाने के लिए तैयार हूं। कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसा भी दिन आएगा। हमारी महिलाएं देश को बचाने के लिए पुरुषों की तरह ही आगे आएंगी।”

09:30 AM, 26-Feb-2022

एयर इंडिया का विमान यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए बुखारेस्ट रवाना

एयर इंडिया के एक विमान ने रूस के आक्रमण के चलते यूक्रेन में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाने के वास्ते रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट के लिए शनिवार सुबह मुंबई हवाईअड्डे से उड़ान भरी। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने बताया कि उड़ान संख्या एआई1943 ने तड़के करीब तीन बजकर 40 मिनट पर मुंबई हवाईअड्डे से उड़ान भरी और उसके भारतीय समयानुसार सुबह करीब दस बजे बुखारेस्ट हवाईअड्डे पर पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जो भी भारतीय नागरिक सड़क मार्ग से यूक्रेन-रोमानिया सीमा पर पहुंच गये हैं, उन्हें भारत सरकार के अधिकारी बुखारेस्ट ले जायेंगे ताकि उन्हें एअर इंडिया की उड़ानों के जरिए स्वदेश लाया जा सके। एयर इंडिया यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए बुखारेस्ट और हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट के लिए शनिवार को और उड़ानें संचालित करेगी।

09:07 AM, 26-Feb-2022

यूक्रेन के कीव में स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए एक और एडवाजरी जारी की है। इसमें यूक्रेन से बाहर निकलने की कोशिश में जुटे भारतीय नागरिकों से कहा गया है कि कि वे भारत सरकार के अधिकारियों के साथ पूर्व समन्वय के बिना किसी भी बॉर्डर पोस्ट पर न जाएं।

08:47 AM, 26-Feb-2022

संयुक्त राष्ट्र में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव में क्या हुआ?

रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उस प्रस्ताव पर वीटो कर दिया है जिसमें मॉस्को से यूक्रेन पर हमला रोकने और सभी सैनिकों को वापस बुलाने की मांग की गई। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शुक्रवार को इस प्रस्ताव के पक्ष में 11 और विपक्ष में एक मत पड़ा। चीन, भारत और संयुक्त अरब अमीरात मतदान से दूर रहे। वहीं अल्बानिया, ब्राजील, फ्रांस, गाबोन, घाना, आयरलैंड, केन्या, मैक्सिको, नार्वे, ब्रिटेन और अमेरिका सहित कुल मिलाकर 11 देशों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। यह प्रस्ताव सुरक्षा परिषद में पारित नहीं हो सका क्योंकि परिषद के स्थायी सदस्य रूस ने इस पर वीटो किया।

 

08:20 AM, 26-Feb-2022

ग्वाटेमाला ने अपने राजदूत को रूस से वापस बुलाया

सेंट्रल अमेरिकी देश ग्वाटेमाला ने यूक्रेन में जंग को लेकर रूस का विरोध किया है। इसी के साथ उसने रूस में तैनात अपने राजदूत को वापस भी बुला लिया है। ग्वाटेमाला के राष्ट्रपति अलेहांद्रो गियामट्टेई ने कहा कि उनका देश रूस की हरकतों की कड़ी निंदा करता है और यूक्रेन का साथ देने वाले देशों के साथ खड़ा है। 

08:00 AM, 26-Feb-2022

यूएनएससी में रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश, मतदान से दूर रहे भारत और चीन

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत और चीन ने रूस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पर मतदान में हिस्सा नहीं लिया। प्रारूप प्रस्ताव में यूक्रेन पर रूस के हमले की निंदा की गई। इसमें रूस से कहा गया है कि वह बिना शर्त, तत्काल व पूर्ण रूप से यूक्रेन छोड़े। भारत ने इस प्रस्ताव पर मतदान में हिस्सा नहीं लिया, लेकिन बयान जारी कर यूक्रेन में जारी हिंसा पर अफसोस जताते हुए इसे रोकने का आह्वान किया। यहां पढ़ें भारत ने युद्ध को लेकर क्या कहा…

07:44 AM, 26-Feb-2022

Russia-Ukraine War LIVE: रूस से युद्ध के बीच यूक्रेन को अमेरिका से मिलेगी 2600 करोड़ की सैन्य मदद, जेलेंस्की ने ठुकराया देश छोड़ने का प्रस्ताव

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि आज की रात बाकी सभी दिनों से मुश्किल होगी। हमारे देश के कई शहर हमले का सामना कर रहे हैं। शेरनिहिव, सुमी, खारकीव, डोनबास, देश के दक्षिण में मौजूद शहर भी। लेकिन हम अपनी राजधानी कीव को नहीं गंवा सकते।





Source link

Enable Notifications OK No thanks