जेम्स कैमरून ने बताया कैसी होगी Avatar 2
CinemaCon के स्टेज पर फिल्म के बारे में बात करते हुए जेम्स कैमरून ने कहा, ‘अवतार फर्स्ट पार्ट के साथ हम बड़े पर्दे की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए निकल पड़े थे। अब इस नई अवतार फिल्म के साथ, हम उन सीमाओं को और भी आगे बढ़ा रहे हैं। 3D के साथ, हाई डायनमिक रेंज के साथ, हाइयर फ्रेम रेट, और ज्यादा रिजॉल्यूशन और इसके साथ ही हमारे विजुअल इफेक्ट्स इस बार वास्तविकता के और ज्यादा करीब होंगे।’
क्या थी 2009 में रिलीज Avatar की कहानी
‘अवतार’ हॉलिवुड की ऐसी फिल्म है, जिसे न सिर्फ दर्शकों ने पसंद किया, बल्कि समीक्षकों ने दिल से सराहा था। मौजूदा दौर में भी इन्फ्लेशन रेट के हिसाब से यह दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। इस फिल्म ने सिनेमा की दुनिया में मेकिंग के चले आ रहे तरीकों को पलट दिया। फिल्म की कहानी पृथ्वी पर हमला करने वाले एलियंस की नहीं है। बल्कि इसमें हम इंसान पेंडोरा पर आक्रमण करते हैं। वो जगह जहां नावी रहते हैं। यह एक शांति और प्रकृति-प्रेमी जगह है। वहां नीली-रंग वाली प्रजाति रहती है, जिनकी आंखें बिल्ली जैसी है। पेंडोरा पर हमले की वजह यह है कि वहां दुनिया के सबसे महंगे खनिज हैं, जिसे अनोबटेनियम कहा जाता है।
मई में रिलीज हो सकता है Avatar 2 Teaser
‘अवतार 2’ का टीजर और ट्रेलर भी जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। समझा जा रहा है कि इस फिल्म का टीजर हॉलिवुड फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज 2’ की रिलीज के आस-पास जारी किया जाएगा। ‘डॉक्टर स्ट्रेंज इन द मल्टीवर्स ऑफ मैडनेस’ 6 मई 2022 को थिएटर्स में रिलीज हो रही है। ऐसे में बहुत संभव है कि अगले महीने ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ का टीजर रिलीज हो जाए। वैसे, चर्चा यह भी है कि ‘अवतार 2’ से पहले फॉक्स स्टूडियो एक बार फिर से पहली फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी में है। इसके लिए संभावित तारीख 23 सितंबर, 2022 बताई जा रही है।
इसी साल दिसंबर में रिलीज हो सकती है Avatar: The Way of Water
‘अवतारः द वे ऑफ वॉटर’ में सैम वर्थिंगटन के जेक और जो सलदाना नेटियरी की जिंदगी की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा। दोनों अब माता-पिता बन गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘अवतारः द वे ऑफ वॉटर’ इसी साल 16 दिसंबर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।