Tuesday Tadaka: विनोद खन्‍ना के कहने पर इंग्‍लैंड से आई थीं Anjala Zaveri, 17 साल से कहां गायब है ये खूबसूरत हसीना


‘प्यार किया तो डरना क्या’ (Pyaar Kiya To Darna Kya) में काजोल (Kajol) की सहेली और अरबाज खान की गर्लफ्रेंड (Arbaaz Khan) का किरदार निभाने वाली अंजला जावेरी (Anjala Zaveri)। लंबे समय से बड़े पर्दे से गायब हैं। एक समय था जब उन्हें 90 के दशक की खूबसूरत ऐक्ट्रेसेस में से एक गिना जाता था। इतना ही नहीं उनकी सुंदरता को ‘नेचुरल ब्यूटी’ भी कहा जाता था। घुंघराले बाल, काली आंखों के साथ बढ़िया गढ़न वाला चेहरा पर्दे पर आते ही छा जाता था। लेकिन अब यही मुस्कुराता चेहरा कहीं खो गया है। आज हम अपने खास सेग्मेंट Tuesday Tadaka में अंजला जावेरी के बारे में हर वो बात बताने जा रहे हैं, जिसके बारे में बहुत काम लोगों को ही मालूम होगा।

अंजला जावेरी का इंग्लैंड से है ताल्लुक
जावेरी का जन्म 20 अप्रैल 1972 को लंदन के पोर्ट्समाउथ में एक गुजराती परिवार में हुआ था। वहीं वह पली-बढ़ीं और अपनी पढ़ाई पूरी की। पिता भारतीय थे और वह भारत से, उसकी परंपरा और चीजों से जुड़ा रहना पसंद करते थे। इसी बहाने अंजला को भी भारत के बारे में जानने समझने का मौका हासिल हुआ। एक इंटरव्यू में अंजला ने खुलासा भी किया था कि उन्हें इंडियन सिनेमा बहुत पसंद था। वह यहां की फिल्में देखने के लिए एक पाकिस्तानी दुकान से कैसेट्स खरीदा करती थीं और देखा करती थीं। हालांकि वह पढ़ाई पर भी अपना फोकस रखा करती थीं।


विनोद खन्ना की खोज हैं अंजला जावेरी
उनके पिता हर 4-5 सालों में परिवार के साथ भारत आया-जाया करते थे। जब वह 16 साल की थीं, तब विनोद खन्ना ने इंग्लैंड ट्रिप का प्लान किया था। वह अपने बेटे अक्षय खन्ना के अपोजिट फीमेल ऐक्ट्रेस की खोज कर रहे थे। इसके बारे में उन्होंने जी टीवी और सनराइज रेडियो पर इसकी घोषणा भी की थी। अब अंजला मॉडलिंग करना चाहती थीं, इसलिए उन्होंने फोटोशूट भी करवाया था। लेकिन उनकी हाइट उतनी नहीं थी कि वह मॉडलिंग कर सकें। इसलिए कम्पटीशन में अपनी तस्वीरें भेजने के बजाय उन्होंने सारी फोटो विनोद खन्ना को भेज दी। एक इंटरव्यू में अंजला ने बताया था, ‘मैं उनके साथ पहला इंटरव्यू करने जा रही थी। कुछ 16-17 मॉडल्स थी वहां पर। मैं वहां एकलौती थी जो पिता के साथ थी। बहुत घबराई हुई थी। मैं मुंह बंद करके बैठी हुई थी। फिर वह मेरे पास आए और पूछे कि मेरे पास कुछ और है या नहीं। तो मैंने उन्हें फोटोशूट के दौरान की तस्वीरें सौंप दी। 10 दिन प्रतियोगिता चली। और बाद में मुझे विनोद खन्ना का फोन आया, जिसमें उन्होंने कहा कि अंजला का प्लीज पासपोर्ट तैयार करवाएं, हम उसे इंडिया ले जा रहे हैं।’ अंजला के मुताबिक, उस वक्त उनकी गर्मियों की छुट्टियां चल रही थीं। एग्जाम्स भी हो चुके थे। इसलिए वह फौरन अपनी मां के साथ इंडिया के लिए रवाना हो गई थीं।


अक्षय खन्ना के साथ अंजला ने किया डेब्यू
इंडिया आने के बाद विनोद खन्ना ने अंजला को अपने बेटे अक्षय खन्ना के साथ फिल्म ‘हिमालयपुत्र’ से बॉलीवुड में लॉन्च किया था। इस फिल्म से दो नए चेहरे दर्शकों के सामने आए और खूब चर्चा बटोरी। लेकिन फिल्म प्लॉप हो गई। अंजला के मुताबिक, इस फिल्म के बाद वह दो महीने का ब्रेक लेकर अपने घर आ गईं। और जब भारत लौटीं तो खूब मीटिंग्स हुईं। इसके बाद वह तमिल और तेलुगु फिल्मों की तरफ चली गईं। वहां से उन्हें ढेरों ऑफर मिलने लगे। टॉलीवुड में अंजला ने नागार्जुन, नंदामुरी बालाकृष्णा, सुदीप और ममूटी जैसे टॉप स्टार्स के साथ काम किया था। लंबे अर्से बाद उन्हें हिंदी फिल्में ऑफर हुईं। इसमें ‘प्यार किया तो डरना क्या’ और ‘बेताबी’ शामिल है।


हीर के अंशूमन से हुई अंजला की शादी
अंजला जावेरी ने 2007 में आई फिल्म ‘जब वी मेट’ के अंशूमन से शादी कर ली थी। इस फिल्म को इम्तियाज अली ने डायरेक्ट किया था। फिल्म तो सुपर-डुपर हिट हुई थी। और अंशूमन उर्फ तरुण राज अरोड़ा भी फेमस हो गए। अपने पति के बारे में अंजला ने बताया था, ‘मेरे पति एक मॉडल थे और हमने बहुत छोटी शादी की थी। उन्होंने कुछ हिंदी फिल्में में भी काम किया था। लेकिन बाद में उन्होंने अपने कदम पीछे ले लिए और हॉस्पिटैलिटी की तरफ आ गए। मुझे नहीं पता कि ये किस्मत थी कि क्या था, लेकिन उन्होंने साउथ की फिल्मों में भी बहुत अच्छा किया।’


कहां हैं अंजला जावेरी?
अंजला जावेरी ने अब साउथ सिनेमा की फिल्मों से भी दूरी बना ली है। उनकी आखिरी फिल्म 2012 में आई तेलुगू फिल्म ‘लाइफ इज़ ब्यूटीफुल’ थी। जबकि हिंदी सिनेमाई पर्दे पर वह आखिरी बार 2005 में ‘निगेहबान’ में स्पेशल अपीयरेंस में नजर आई थीं। यानी 17 साल से वह हिंदी पर्दे से दूर हैं। वह सोशल मीडिया पर भी एक्टिव नहीं हैं। उनके पति तरुण के ही इंस्टाग्राम पर उनकी कुछ झलक देखने को मिलती है। साफ जाहिर है कि अंजला ने एक्टिंग से दूरी बना ली है और अब फैमिली के साथ समय बिता रही हैं।

anjala zaveri

अंजला जावेरी



image Source

Enable Notifications OK No thanks