Ranji Trophy: मुंबई के खिलाफ शतक ठोककर यश दुबे ने सिद्धू मूसेवाला को किया याद, केएल राहुल के अंदाज में मनाया जश्न


रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला बेंगलुरु में खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन शुक्रवार (24 जून) को मध्य प्रदेश के यश दुबे ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 133 रन की पारी खेली। शतक लगाने के बाद यश दुबे ने एक साथ सिद्धू मूसेवाला और केएल राहुल को याद किया। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला को श्रद्धांजलि दी और भारत के उपकप्तान केएल राहुल की तरह जश्न मनाया।

मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 374 रन बनाए। मध्य प्रदेश ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में 368 रन बना लिए हैं। वह अभी मुंबई से सिर्फ छह रन दूर है। रजत पाटीदार 67 और आदित्य श्रीवास्तव 11 रन बनाकर नाबाद हैं।

यश दुबे ने शुभम एस शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 222 रनों की साझेदारी की। इसी साझेदारी ने मध्य प्रदेश को मैच में मजबूत बना दिया। यश ने अपनी 336 गेंद की पारी में 14 चौके लगाए। वहीं, शुभम ने 215 गेंद पर 116 रन बनाए। इस दौरान 15 चौके और एक छक्का लगाया।

यश दुबे ने शतक लगाते ही पहले केएल राहुल की तरह दोनों कानों में उंगली डालकर जश्न मनाया। क्रिकेट में केएल राहुल तो फुटबॉल में बार्सिलोना के स्ट्राइकर मेम्फिस डिपाय इस तरह से जश्न मनाते हैं। दुबे के जश्न मनाने के अंदाज को देखकर लगा कि वह राहुल के फैन हैं।

दुबे ने राहुल की तरह जश्न मनाने के बाद मूसेवाला को याद किया। उन्होंने मूसेवाला के अंदाज में अपनी जांघ पर थपकी मारी और एक हाथ को ऊपर की ओर उठा लिया। मूसेवाला की हत्या पिछले महीने पंजाब के मनसा में हुई थी। अपने गानों के जरिए उन्होंने युवाओं में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। यश दुबे को देखकर ऐसा लगा कि वह भी मूसेवाला के प्रशंसक हैं।



Source link

Enable Notifications OK No thanks