Fact Check: क्या शाहरुख खान ने लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर पर ‘थूका’? यहां जानें क्या है सच


स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर का रविवार 6 फरवरी 2022 को 92 साल की उम्र में निधन हो गया। लता COVID-19 से संक्रमित हुई थीं जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। लगभग एक महीने भर्ती रहने के बाद मल्टी ऑर्गन फेल्यॉर के कारण लता का निधन हो गया। अंतिम संस्कार से पहले लता का पार्थिव शरीर शिवाजी पार्क में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। यहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित बॉलिवुड के कई बड़े कलाकारों ने लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी। यहां पर बॉलिवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने भी लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी जिस पर सोशल मीडिया पर काफी बवाल हो गया है।
पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार, 2 दिन का राष्ट्रीय शोक

शाहरुख ने लता के पार्थिव शरीर पर थूका?
दरअसल शाहरुख खान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें वह अपनी मैनेजर पूजा ददलानी के साथ लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर के सामने दुआ पढ़ रहे हैं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें शाहरुख दुआ पढ़ने के बाद अपना मास्क उतारते हैं। इस वीडियो को देखकर सोशल मीडिया पर बहुत से लोग भड़क गए हैं और कुछ यूजर्स का कहना है कि शाहरुख ने मास्क उतारकर लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर पर थूका था। देखें, यह वीडियो:

सच क्या है?
शाहरुख खान के इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। बहुत से लोग शाहरुख खान की जमकर आलोचना कर रहे हैं। हालांकि बहुत से यूजर्स ने इसे गलत बताया है कि शाहरुख ने पार्थिव शरीर पर थूका था। दरअसल शाहरुख ने दुआ पढ़ने के बाद फूंक मारी थी। इस्लाम में ऐसा बुरी शक्तियों को दूर करने के लिए दुआ पढ़ने के बाद किया जाता है।

शाहरुख के बचाव में आए फैन्स
शाहरुख खान के कई फैन्स ने उनका सोशल मीडिया पर बचाव किया है। एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘शाहरुख ने थूका नहीं था बल्कि उन्होंने इस्लाम के मुताबिक लता जी से बुरी शक्तियों को दूर रखने के लिए फूंक मारी थी और अगर लोग इस बारे में पढ़ें तो सच्चाई जान जाएंगे। ‘

बता दें कि रविवार शाम मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार किया गया। भारत सरकार ने लता के निधन पर 2 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

image Source

Enable Notifications OK No thanks